बारिश के चलते बनी अव्यवस्था, कीचड़ के बीच से निकले लोग
होर्डिंग गिरने से ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मी घायल आयोजन स्थल पर बिखरी दिखीं कुर्सियां कीचड़ में फंसे वाहन
श्रावस्ती : स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में सीएम की जनसभा में शामिल होने के लिए पूरे जिले से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे, लेकिन बारिश के चलते आयोजन स्थल पर अव्यवस्था बन गई। कार्यक्रम स्थल के बाहर लगी कुर्सियां बिखर गईं। आसपास मैदान में पानी व कीचड़ हो जाने से लोग जैसे-तैसे बाहर निकल सके।
दोपहर में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई तो कार्यक्रम स्थल व आसपास लगी होर्डिंग उखड़कर गिरने लगे। इसके चपेट में आकर एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। एएसपी बीसी दूबे टीम के साथ इलाज के लिए उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। कार्यक्रम स्थल के आसपास मैदान में लोगों को गांवों से लेकर आए वाहन खड़े थे। परिसर में बारिश का पानी भर जाने के बाद इन वाहनों का सड़क पर निकल पाना मुश्किल हो रहा था। कीचड़ में जगह-जगह वाहन फंसे तो लोग धक्का लगाकर किसी तरह इन्हें बाहर निकालते देखे गए। यातायात पुलिस ने व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हाईवे पर मोर्चा संभाल रखा था। इस दौरान कई बार जाम की स्थिति बनी। अफरा-तफरी के बीच पुलिस ने जैसे-तैसे स्थिति पर नियंत्रण पाया। इससे कोई बड़ा हादसा होने से बच गया।
पहले मनई, अबकी मुख्यमंत्री का भगवान रोक दिहिन : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के श्रावस्ती दौरे का कार्यक्रम एक माह में लगातार दूसरी बार निरस्त होने से लोग निराश दिखे। सीएम को सुनने के लिए उम्मीद के साथ पहुंचे लोग प्रकृति को कोसते हुए वापस लौटे। लखीमपुर की घटना की ओर इशारा करते हुए लोगों ने कहा कि पहले मनई मुख्यमंत्री का आवै से रोकि दिहिन रहा। अबकी बार भगवान रोक दिहिन।
उम्मीद है अभी नहीं तो फिर कभी दिखेंगे सीएम
लक्खीभारी गांव की बैंक सखी रजनी मिश्रा ने बताया कि उन्हें कोई निराशा नहीं है। उम्मीद बनी हुई है, फिर कभी सीएम को देखेंगे। रामपुर पैड़ा की बैंक सखी विजयलक्ष्मी भी सीएम को देखे बिना वापस लौट रही थीं, लेकिन वे उत्साहित थीं। भवानीनगर परसिया के दिव्यांग स्वामी दयाल ने प्रकृति को कोसते हुए कहा कि चार अक्टूबर का लखीमपुर मा घटना होय जाय से सीएम नाय आय रहे। अबकी भगवान बरसात करायकै उनका रोक दिहिन। रामपुर ककरा की आशा कार्यकर्ता संतोषी भी निराश दिखीं।
दिसंबर के बाद सूर्य की तरह चमकेंगे सीएम
ज्योतिषाचार्य अखिलेश रामायणी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेष राशि के हैं। वर्तमान समय में शनि, राहु व गुरु का प्रभाव प्रतिकूल है। इससे उनके बनते कार्य में अड़चन आ जाती है। दिसंबर से ग्रहों में बदलाव होगा। इसके बाद सीएम सूर्य की तरह चमकेंगे।