अनलॉक उलंघन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत 27 पर मुकदमा दर्ज
राष्ट्रपति को संबोधित एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
इकौना श्रावस्ती: डीजल-पेट्रोल मूल्य में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देकर प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पकड?कर थाने ले गई। यहां कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। अनलॉक का उलंघन कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत 17 नामजद व अन्य 10 के खिलाफ इकौना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष नसीम चौधरी ने कहा कि संकट के दौर में पेट्रोलियम पदार्थों में लगातार हो रही मूल्य वृद्धि मोदी सरकार की जनता के प्रति संवेदनहीनता उजागर करता है। जिला उपाध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी ने कहा कि देश कोरोना की त्रासदी से त्रस्त है और सरकार कच्चा तेल सस्ता होने के बावजूद तेल मंहगा करके जनता से मुनाफाखोरी में जुटी है। कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में मार्च 2020 के बाद पेट्रेाल-डीजल में बढ़ाई गई उत्पाद शुल्क बढ़ोत्तरी को वापस लेने की मांग की है। एसबी भारती, अखिलेश मिश्र, पप्पू यादव, असलम खां, सरोज पाठक, अकरम, नजीर चौधरी, इरफान, मुहम्मद शीश नौसाद खां, रब्बानी, दीपक मिश्र आदि मौजूद रहे। कांग्रेस के धरना प्रदर्शन को रोकने के लिए जिलाध्यक्ष के आवास पर वज्र वाहन के साथ पुलिस व पीएसी के जवान मुस्तैद किए गए थे। पुलिस को चकमा देकर कांग्रेसी सड़क पर उतर आए। जिन्हे बीच रास्ते रोककर थाने लाया गया। ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को छोड़ दिया गया।