यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 24, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कोल्ड डायरिया से दो बच्चों की मौत, 18 बीमार

श्रावस्ती : पहाड़ पर हो रही बर्फबारी तराई के लोगों पर भारी पड़ रही है। गलन और ठिठुरन के बीच कोल्ड डायरिया का कहर लोग झेल रहे हैं। सीमावर्ती गांव पटखौली के बालू घोलिया गांव में कोल्ड डायरिया से 21 घंटे के अंतराल में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई जबकि बालू घोलिया में छह और गिलौला ब्लॉक क्षेत्र के मठा गांव में 10 को मिलाकर 18 लोग कोल्ड डायरिया से बीमार चल रहे हैं। कोल्ड डायरिया से हुई बच्चों की मौत की खबर पाकर स्वास्थ्य टीम गांव में पहुंच गई और उपचार में लगी हुई है।
सीमावर्ती सिरसिया ब्लॉक क्षेत्र के पटखौली के बालू घोलिया गांव में कोल्ड डायरिया का प्रकोप चल रहा है। कोल्ड डायरिया की चपेट में आकर अंशू आठ माह पुत्री राम विलास की रविवार की रात 11 बजे तथा अमित डेढ़ वर्ष पुत्र अर्जुन प्रसाद की सोमवार को सुबह आठ बजे मौत हो गई जबकि संजना(2) पुत्री सीताराम, आरती (10) पुत्री दयाराम, मूंगा (18) पुत्री दयाराम, निरहू (15) पुत्र राम प्रसाद, सुमन (13) पुत्री दशरथ, सुनील (3) पुत्र चिंताराम की कोल्ड डायरिया से हालत गंभीर है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एमए खान ने बताया कि कोल्ड डायरिया का सीजन चल रहा है। गांव में उपचार के लिए स्वास्थ्य टीम भेजी गई है। उन्होंने बताया कि प्रदूषित पानी से कोल्ड डायरिया फैला है। गिलौला ब्लॉक क्षेत्र के मठा गांव में कोल्ड डायरिया से सुनीता (14) पुत्री तेजा, महिमा (3) पुत्री सोनू, शिवम् (5) पुत्र मनोज, राम कुबेर (20) पुत्र लोधे, भगवानदीन (5), जीवन लाल (12) पुत्रगण बृजकिशोर, खुशबू (1) पुत्री संतकुमार, चंद्र प्रकाश (1) पुत्र सोनू, लालजी (6) पुत्र बृजा, विनोद (8) पुत्र अधार पीड़ित चल रहे हैं। यहां भी गांव में इलाज के लिए स्वास्थ्य टीम नहीं पहुंची है। इस क्षेत्र के कई गांवों में कोल्ड डायरिया का कहर जारी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
