राप्ती नदी में समाए दो घर और दो बीघे खेत
राप्ती नदी में तेज बहाव के चलते लोगों को रस्सी का सहारा लेना पड़ रहा है।
संसू, जमुनहा (श्रावस्ती) : नेपाल में पहाड़ों पर हो रही बारिश से राप्ती का जलस्तर घट-बढ़ रहा है। घटते-बढ़ते जलस्तर के बीच कटान भी तेज हो गई है। जमुनहा ब्लॉक के अशरफनगर में मंगलवार को दो घर और दो बीघे जमीन राप्ती नदी की धारा में समा गए। दोपहर तीन बजे तक राप्ती का जलस्तर स्थिर रहा। पहाड़ी नालों के उफनाने से भिनगा-लक्ष्मनपुर मार्ग पर रेहली डिप पर पानी भर गया है। आवागमन में लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। निजी बसों का संचालन ठप है। दोपहर तीन बजे राप्ती का जलस्तर 127.40 सेमी रिकॉर्ड किया गया। यहां खतरे का निशान 127.70 सेमी है। 30 सेमी खतरे के निशान से राप्ती का जलस्तर नीचे बह रहा है।
राप्ती नदी में घट बढ़ रहे जलस्तर के साथ नदी कटान तेज हो गई। हरिहरपुररानी ब्लॉक क्षेत्र का अशरफनगर गांव राप्ती नदी के निशाने पर है। मंगलवार को मेराज व अस्फाक के घर राप्ती नदी में समा गए। अब्बास की दो बीघे जमीन भी नदी की धारा में समाहित हो गई। दोपहर बाद जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। जलस्तर बढ़ने के साथ तटवर्ती गांवों में लोगों की धुक-धुकी बढ़ गई है। सुबह आठ बजे से लेकर शाम चार बजे तक नदी का जलस्तर 127. 40 पर स्थिर रहा। इस दौरान नदी का कटान जारी रहा है। गांव के यूनुस व अब्बास ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। भिनगा-लक्ष्मनपुर मार्ग पर रेहली डिप पर केन नाले का पानी चल रहा है।