सरकार की नीतियों से हर वर्ग में है असंतोष
बैठक में यूरिया किल्लत समेत अन्य समस्याओं पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने बोला हमला
संसू, गिलौला(श्रावस्ती): किसान इंटर कॉलेज सुबिखा के परिसर में संगठन अभियान के तहत कांग्रेस की बैठक की गई। प्रदेश महासचिव ब्रह्म स्वरूप सागर बतौर मुख्य अतिथि बैठक में शामिल हुए। इस दौरान यूरिया की किल्लत समेत आम आदमी से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार पर हमला बोला गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि सरकार की नीतियों से समाज के सभी वर्गों में असंतोष व्याप्त है।
प्रदेश महासचिव ने कहा कि वर्तमान सरकार की गलत नीतियों के चलते किसान, व्यापारी व नौजवान छात्र खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। लोगों के सपने पूरे करने का वादा कर सरकार अपने बात पर खरी नहीं उतर पाई है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में जुट जाएं। सक्रिय लोगों को पार्टी से जोड़ें। उन्हें संगठन की नीतियों से अवगत कराएं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशासनिक रमाकांत त्रिपाठी ने कहा कि यूरिया की किल्लत ने किसानों को झकझोर दिया है। कांग्रेस इसको लेकर मोर्चा खोलेगी। बुधवार को जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में एसडीएम इकौना को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने गन्ना किसानों के भुगतान के लिए जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करने को कहा। विद्यालय के प्रबंधक व कांग्रेस नेता उमेश चंद्र मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जिला अध्यक्ष नसीम चौधरी, बहराइच जिला अध्यक्ष जेपी मिश्रा, दिलीप कुमार शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सिंह, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, अमन पाठक, विजय प्रताप सिंह, रामसमुझ वर्मा, सभासद असफाक, हनीफ चौधरी, पप्पू यादव, भरत दयाल यादव आदि मौजूद रहे।