गन्ना किसानों पर भारी पड़ रही मिल अधिकारियों हठर्धिमता
संसू सेमगढ़ा चौराहा(श्रावस्ती) विकास क्षेत्र इकौना के ग्राम पंचायत पटखौली कला में लगे गन्ना क्रय
संसू, सेमगढ़ा चौराहा(श्रावस्ती): विकास क्षेत्र इकौना के ग्राम पंचायत पटखौली कला में लगे गन्ना क्रय केंद्र पर अपनी उपज बेचने के इच्छुक गन्ना किसान मिल अधिकारियों की हठर्धिमता से परेशान हैं। घटतौली को लेकर किसान व तौल लिपिक के बीच विवाद होने के बाद से क्रय केंद्र बीते कई दिनों से बंद पड़ा है। ट्रॉली में गन्ना भर कर किसान क्रय केंद्र पर तौल शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
ग्राम पंचायत पटखौली कला में बलरामपुर चीनी मिल की ओर से गन्ना क्रय केंद्र खोला गया है। यहां बतौर तौल लिपिक तरुण कुमार तिवारी तैनात किए गए थे। इस केंद्र पर ही क्षेत्र के गन्ना किसान अपने उपज की बिक्री करते हैं। यहां आए दिन घटतौली की शिकायत होती रहती है। जानकीनगर सिसवारा निवासी गन्ना किसान राम उबारन, प्रमोद दुबे, अमृत कुमार यादव व सुरेंद्र प्रताप वर्मा ने बताया कि गन्ना खरीद के दौरान तौल लिपिक एक ट्रॉली गन्ना तौल होने पर 50 किलो से एक क्विटल तक गन्ने की मांग करते थे। इसके खिलाफ गन्ना आवाज उठाई तो तौल लिपिक केंद्र छोड़कर चले गए और किसानों पर फर्जी मामले में एफआइआर लिखाने की धमकी दी। इसके बाद से खरीद ठप है। महादेव प्रसाद, राधेश्याम, महेंद्र प्रताप, धर्मपाल सिंह, शिव नारायण मिश्रा, संजय सिंह, ओम प्रकाश मिश्रा व फेरन पाल आदि दर्जनों किसान ट्रॉली में गन्ना भरकर केंद्र खुलने का इंतजार कर रहे हैं। इससे गन्ना सूख रहा है। तौल लिपिक तरुण कुमार तिवारी ने बताया कि किसानों की ओर लगाए गए आरोप निराधार हैं। मिल के उच्चाधिकारियों के आदेश पर गन्ने की तौल शुरू होगी।