श्रावस्ती में पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर इनामी बदमाश गिरफ्तार, एक पैर में गोली लगने से घायल
श्रावस्ती में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में 50-50 हजार के दो इनामी अपराधियों को दबोचा। इस ...और पढ़ें

HighLights
पुलिस मुठभेड़ में दो इनामी अपराधी गिरफ्तार।
एक अपराधी के पैर में लगी गोली।
उपनिरीक्षक भी हुए घायल, हथियार बरामद।
जागरण संवाददाता, श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार की रात भिनगा जंगल में मुठभेड़ में दो शातिर 50-50 हजार रुपये के इनामी अपराधियों को दबोच लिया। एक के पैर में गोली लगी है। अपराधियों के फायरिंग से बचने के दौरान उपनिरीक्षक भी घायल हुए हैं।
इलाज के लिए इन्हें भिनगा सीएचसी में भर्ती कराया गया। एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायल उपनिरीक्षक का हालचाल जाना। आरोपितों के कब्जे से दो तमंचा, कारतूस, खोखा समेत के सामान बरामद हुए हैं।
एसपी राहुल भाटी ने बताया कि रात में भिनगा कोतवाली पुलिस गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि भिनगा जंगल में अंटा के पास पौधशाला के निकट मछरिहवा भट्ठे से चोरी की गई बाइक लेकर दो लोग नेपाल जाने वाले हैं।
प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह व एसओजी के निरीक्षक दीपक कुमार दूबे ने टीम के साथ घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया।
बाइक सवार व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया। बाइक फिसलकर गिर गई। आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी देने पर आरोपितों ने पुलिस पार्टी पर अपने तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। इसमें प्रभारी निरीक्षक राजप्रकाश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी तथा उपनिरीक्षक अनुराग सिंह को गिरने से कोहनी में चोट आई।
टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसमें भिनगा नगर के हनुमानगढ़ी मुहल्ला निवासी गिरीश बहेलिया के दाहिने पैर में गोली लगी। टीम ने घायल समेत गोबार निवासी दूसरे आरोपित शिवकुमार जायसवाल उर्फ दूबे को दबोच लिया।
घायल उपनिरीक्षक व आरोपित का उपचार कराया गया।आरोपितों के कब्जे से दो तमंचा 315 बोर, एक कारतूस, छह खोखा, चोरी के 15 हजार रुपये, चार पायल, दो मोबाइल फोन, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट, बाइक बरामद हुई है।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक देवीपाटन गोंडा की ओर से पुरस्कार घोषित किया गया था। पूछताछ में आरोपितों ने विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी दी। चोरी के सामानों को नेपाल ले जाकर बेचने का जुर्म स्वीकार किया है। आरोपित गिरीश पर बस्ती जिला समेत स्थानीय थानों में 23 व शिवकुमार पर गोंडा समेत स्थानीय थानों में विभिन्न धाराओं में नौ मामले दर्ज हैं।
