यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 10, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से एक और मौत, धूप खिली पर कम नहीं हुई गलन

श्रावस्ती : पश्चिमी विक्षोभ के कारण तराई में ठंड का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। शुक्रवार को दोपहर बाद खिली धूप से लोगों को थोड़ी राहत जरूर महसूस हुई लेकिन गलन कम नहीं हुई। शाम होते ही तराई ने फिर कोहरे की चादर ओढ़ ली। चल रही बर्फीली हवाओं और गलन के बीच चल रही भीषण ठंड के चलते जिले में एक और वृद्ध महिला की मौत हो गई। ठंड से बचाव के लिए प्रशासन की ओर से जलवाए गए अलाव की लौ सिर्फ कागजों में ही जल रहे हैं।
गुरुवार को हुई बूंदाबांदी के बाद शुक्रवार को आसमान साफ हुआ। दोपहर बाद धूप भी निकली लेकिन ठंड व गलन से राहत नहीं मिल सकी। धूप खिलने से बाजारों में हल्की रौनक दिखी सड़कों पर भी चहल कदमी बढ़ी लेकिन शाम ढलते ही बाजार व सड़कों पर फिर से सन्नाटा पसर गया। भीषण ठंड में भिनगा तहसील क्षेत्र के श्रीनगरा गांव निवासी राधा देवी (60) पत्नी बृजबिहारी को बुधवार की रात करीब 11 बजे पेट में दर्द शुरू हुआ। प्राथमिक उपचार कराया गया लेकिन उसकी रात करीब चार बजे मौत हो गई। ठंड के बीच बीमारियां भी कुलांचे भर रही हैं। ठंड से बचाव के लिए प्रशासन की ओर से किए गए इंतजाम ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। कई प्रमुख चौक चौराहों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में अलाव की आंच नहीं दिख रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
