यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 10, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कोल्ड डायरिया से जिंदगी बोल्ड

श्रावस्ती: ठंड से कांप रही तराई में कोल्ड डायरिया का कहर प्रकोप थम नहीं रहा है। इस बीमारी की चपेट में आकर मौतों का सिलसिला भी जारी है। अहिराघासी (भिठौरा) में एक मासूम की मौत के बाद कोल्ड डायरिया से इकौना थाना क्षेत्र के कंजेभरिया गांव में एक वृद्ध महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि गिलौला ब्लॉक क्षेत्र के तरवाताल गांव में कोल्ड डायरिया कहर बरपा रही है। यहां इस बीमारी से 15 लोग बीमार चल रहे हैं। कई दिनों से फैले कोल्ड डायरिया से स्वास्थ्य महकमे के अधिकारी अंजान बने हुए है। महकमे की बेपरवाही से मरीज कराह रहे हैं।
विकास क्षेत्र गिलौला के अहिराघासी (भिठौरा) में कोल्ड डायरिया से मासूम की मौत के बाद कंजेभरिया गांव की फूलमती (60) को इलाज के लिए बहराइच जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों का मानना हैं कि फूलमती डायरिया व संास की बीमारी से पीड़ित थीं। इमलिया नरायन के तरवाताल गांव में कहर बरपा रही है। कोल्ड डायरिया से कुलदीप (10) पुत्र चेतराम, जसकरन (60) पुत्र रामसुख, राम शंकर (36) पुत्र जसकरन, आरती (13) पुत्री शिव प्रसाद, राहुल (12) पुत्र चेतराम, राम सूरत (45) पुत्र आशाराम, सुंदरपता (60) पत्नी तेजराम, तेजराम (45) पुत्र आशाराम,
राम धीरज (55) पुत्र नान्हू, चिंता देवी (75) पत्नी पतिराम, सुशीला (7) पुत्री विक्रमजीत, संतोष (10) पुत्र विक्रमजीत, विक्रमजीत (30) तेजराम, कल्लू (3) पुत्र विक्रमजीत पीड़ित चल रहे हैं। गांव में कई दिनों से कोल्ड डायरिया का कहर जारी है। ग्रामीण बताते हैं कि बीमारी की सूचना सीएचसी पर दी गई लेकिन अभी तक स्वास्थ्य टीम इलाज के लिए यहां नहीं पहुंची है। ठिठुरन और गलन के बीच गांव में बिखरी पड़ी गंदगी संक्रामक बीमारियों को बढ़ावा दे रही है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कोल्ड डायरिया का प्रकोप चल रहा है। हरिहरपुर रानी ब्लॉक के ठठिया, गिलौला अहिराघासी, सिरसिया और इकौना में कोल्ड डायरिया से मौतों का सिलसिला जारी है। इन सबके बावजूद भी विभाग चेतने को तैयार नहीं है।
बोले अधिकारी : सीएमओ डॉ. आरपी गुप्ता से इस संबंध में जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि सीएचसी अधीक्षक से बात की जा रही है। अगर कोल्ड डायरिया का प्रकोप है तो इलाज कराया जाएगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
