राजस्व निरीक्षक संवर्ग ने धरना देकर किया प्रदर्शन
श्रावस्ती : विभिन्न मांगों के समर्थन में मंगलवार को राजस्व निरीक्षक संवर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध
श्रावस्ती : विभिन्न मांगों के समर्थन में मंगलवार को राजस्व निरीक्षक संवर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रमुख सचिव शासन को संबोधित 11 सूत्रीय मांग पत्र प्रशासन को सौंप कर समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने की मांग की। ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
संगठन के जिलाध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने कहा कि राजस्व निरीक्षक संवर्ग विषम परिस्थितियों में भी शासकीय कार्यो के लिए सदैव तत्पर रहता है। इसके बावजूद संगठन की मांगों को दर-किनार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संवर्ग नायब तहसीलदार के रिक्त पड़े पदों पर नियमानुसार प्रोन्नति की मांग कर रहा है। यह मांगें पूरी होनी चाहिए। जिला मंत्री सहजराम वर्मा ने कहा कि राजस्व निरीक्षक संवर्ग की जेष्ठता सूची प्रकाशित की जाए। स्टेशनरी खर्च के रूप में मात्र छह रुपये प्रति माह दिया जा रहा है। इसे बढ़ा कर 1500 रुपये प्रतिमाह किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की 11 सूत्रीय मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर निस्तारण नहीं किया गया तो विशाल आंदोलन होगा।