तैयारियां पूरी , दशानन का पुतला दहन आज
संवादसूत्र श्रावस्ती असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजय दशमी पर्व मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ मन
संवादसूत्र, श्रावस्ती: असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजय दशमी पर्व मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान रामलीला मंचन में रावण वध के साथ ही अहम के प्रतीक दशानन के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके लिए भिनगा व इकौना नगर में भव्य पुतले बनाए गए हैं। कारीगर पुतलों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
इस बार अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज स्थित दशहरा मैदान में 32 फीट का रावण दहन किया जाएगा। भिनगा, इकौना व पटना खरगौरा के पोखरा धाम पर रावण के साथ कुंभकरण व मेघनाथ का विशालकाय पुतला बनाया जा रहा है। मंगलवार को इन सभी स्थानों पर कारीगर रावण के पुतले को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। श्रीरामलीला कमेटी भिनगा के अध्यक्ष रामरूप गुप्ता व सुरक्षा प्रमुख वीरेंद्र मिश्र ने बताया कि रामलीला मैदान से भगवान श्रीराम और रावण की सेना प्रस्थान करेगी। ईदगाह तिराहे पर स्थापित देवी प्रतिमा स्थल पर भगवान राम व उनकी सेना का पूजन-अर्चन होगा। इसके बाद नई बाजार से युद्ध करते हुए दोनों सेनाएं इंटर कॉलेज के बगल दशहरा मैदान पहुंचेंगी। यहां प्रभु श्रीराम रावण का वध करेंगे। इसके बाद राम का रथ पुरानी बाजार से होते हुए व्यास भवन के पास स्थापित पूजा पंडाल में पहुंचेगा। यहां भगवान श्रीराम मां दुर्गा की आरती करेंगे। बाबा बिहारी दास स्मारक समिति पोखरा धाम पटना खरगौरा के अध्यक्ष शिवकुमार सिंह ने बताया कि दशहरा पर्व पर दिन में विशाल मेला लगेगा। रात में श्रीरामलीला मंचन के दौरान ही प्रभु श्रीराम रावण का वध करेंगे। तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
---------
नपाप अध्यक्ष ने लिया साफ-सफाई का जायजा -
नगर पालिका परिषद भिनगा के अध्यक्ष अजय आर्य ने सोमवार को भिनगा नगर स्थित दशहरा मैदान का भ्रमण किया। उन्होंने परिसर के साफ-सफाई की स्थिति देखी। नगर पंचायत कर्मचारियों को दशहरा मेले से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि मेले में स्वच्छता के मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। पेयजल समेत अन्य जरूरतों की पूरी व्यवस्था रहेगी।