सरकारी मुलाजिमों ने भरी हुंकार, पुरानी पेंशन बहाल करो सरकार
जासं, बहराइच : बुधवार को पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारी
जासं, बहराइच : बुधवार को पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी कार्यालयों में ताला लगाकर सड़क पर उतर आए। शहर से लेकर गांव तक हक के लिए कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। शहर में सड़कों पर कर्मचारियों के उतरने से कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से कार्यालयों में ताले लटकते रहे। कामकाज ठप कर कर्मचारी कलेक्ट्रेट धरना स्थल पर धरने पर बैठ गए। कार्यालयों में कामकाज न होने से दूर-दराज से आए लोग निराश होकर लौट गए। इस दौरान बाइक रैली भी निकाली गई। हड़ताल के चलते कार्यालयों में पसरा रहा सन्नाटा।
पुरानी पेंशन बहाली मंच के बैनर तले राज्य कर्मचारी संघ, संयुक्त कर्मचारी परिषद, पंचायती राज, बाल विकास, कृषि, शिक्षा, ग्रामीण अभियंत्रण, पीडब्ल्यूडी, बिजली विभाग, श्रम विभाग, कलेक्ट्रेट, विकास विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने पूर्व प्रस्तावित हड़ताल में भागीदारी की। शहर में कलेक्ट्रेट धरना स्थल पर सभी अधिकारी व कर्मचारी सुबह एकत्र हुए। रिमझिम फुहारों के बीच धरना स्थल कर्मचारियों के आवाज से गूंजता रहा। कुछ कर्मचारी शहर के सड़कों पर बाइक रैली निकालकर विरोध जताते दिखे। इस दौरान कर्मचारियों ने कार्यालयों का दौराकर कामकाज को ठप कराया। रैली के चलते डिगिहा, अस्पताल चौराहा व डीएम चौराहे के पास जाम की स्थिति बनी रही। मंच के अध्यक्ष आनंद पाठक ने कहा कि पेंशन बहाली कराकर ही दम लिया जाएगा। इस मौके पर चंद्र प्रताप, विजय उपाध्याय, मनीष चौधरी, आरसी चौधरी, बृजेश गुप्ता, अनूप मौर्या, आरके वर्मा, गुलाम रसूल, शिवलाल समेत सैकड़ों अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। स्कूलों में लटकता रहा ताला
पेंशन बहाली को लेकर शिक्षकों के हड़ताल पर चले जाने से परिषदीय विद्यालयों में तालाबंदी रही। सुबह समय से बच्चे स्कूल पहुंचे। शिक्षकों का इंतजार करने के बाद वे लौट गए। बलहा, महसी, विशेश्वरगंज, पयागपुर, नानपारा, जरवल, कैसरगंज के बीआरसी भवनों पर शिक्षकों ने धरना देकर पुरानी पेंशन की मांग की।