रात 8:30 तक होगी गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन की जांच
श्रावस्ती: संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में मरीजों को राहत पहुंचाने के लिए व्यवस्था में बदलाव कि
श्रावस्ती: संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में मरीजों को राहत पहुंचाने के लिए व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसके तहत अब रात 8:30 बजे तक गर्भवती महिलाओं के लिए हीमोग्लोबिन जांच की सुविधा दी जाएगी।
सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों का हालचाल जानने के लिए 'दैनिक जागरण' की ओर से 'पड़ताल सरकारी अस्पताल' के तहत अभियान चलाया जा रहा है। इसमें संयुक्त जिला चिकित्सालय की पैथालॉजी में खून की जांच के लिए मरीजों की दुश्वारियों को प्रमुखता से उठाया गया था। व्यवस्था के अनुसार खून की जांच के लिए पैथालॉजी में 11 बजे तक ही सैंपल लिए जाते थे। इसके चलते काफी संख्या में मरीजों को निराश होकर वापस लौट जाना पड़ता था। जांच के लिए ही लोगों को दो से तीन दिन तक भटकना पड़ता था। ब्लड बैंक प्रभारी पैथालॉजिस्ट डॉ. बीएन वर्मा ने बताया कि मरीजों की समस्या को देखते हुए व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसके तहत ब्लड सैंपल लेने व रिपोर्ट देने के लिए आधे घंटे का समय बढ़ा दिया गया है। अब 11:30 तक सैंपल लिया जाएगा और रिपोर्ट ढाई बजे तक दी जाएगी। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं को हीमोग्लोबिन की जांच के लिए परेशानी न उठाना पड़े। इसके लिए ब्लड बैंक में एक टीम लगाई जाएगी। यह टीम रात में 8:30 बजे तक हीमोग्लोबिन की जांच करेगी।