वाहन की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत
इकौना(श्रावस्ती): थाना क्षेत्र में बौद्ध परिपथ पर भगवानपुर गांव के पास मैजिक वाहन ने साइकिल सवार
इकौना(श्रावस्ती): थाना क्षेत्र में बौद्ध परिपथ पर भगवानपुर गांव के पास मैजिक वाहन ने साइकिल सवार वृद्ध को टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रविवार की सुबह मोहनीपुर निवासी रामकुमार(65) पुत्र मुंशी साइकिल से बौद्ध परिपथ पर जा रहे थे। प्राथमिक विद्यालय भगवान पुर बनकट के सामने मैजिक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
कमाने गए युवक का लौटा शव
सिरसिया: थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव निवासी कामता प्रसाद (45) पुत्र मिश्रीलाल अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए 12 दिन पूर्व कमाई करने कानपुर गए थे। वापस लौट कर उसे बेटी का गौना देना था। साथ में आसपास के गांवों के लोग भी काम कर रहे थे। शनिवार को काम से लौट कर साथियों के साथ अपने कमरे पर वापस जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में वाहन से कुचल कर कामता की मौत हो गई। रविवार को साथी उसका शव लेकर गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। पत्नी समेत परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
मल्हीपुर: थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर बस्ती निवासी मुंशी खान(55) पुत्र नन्हे खान एक सप्ताह पूर्व गोवा में रहकर कमाई कर रहे बेटे के पास गए थे। शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। रविवार को गांव में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।