श्रावस्ती समेत 10 जिलों के पॉलीटेक्निक में बनेगा लैंग्वेज लैब
छात्र-छात्राओं का कम्युनिकेशन स्किल मजबूत कर बढ़ाया जाएगा आत्मविश्वास भाषा के साथ बोलियों का भी संरक्षण होगा।
भूपेंद्र पांडेय, श्रावस्ती
छात्र-छात्राओं का कम्युनिकेशन स्किल मजबूत कर उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए श्रावस्ती समेत प्रदेश के 10 जिलों के पॉलीटेक्निक कालेजों में लैंग्वेज लैब की स्थापना होगी। यहां भाषा के अलावा इनसे जुड़ी बोलियों का संरक्षण भी होगा, जिनकी कोई निर्धारित लिपि नहीं है। हिदी व अंग्रेजी समेत अन्य भाषाओं को शामिल किया जाएगा। लैंग्वेज लैब की स्थापना के लिए प्रदेश सरकार ने 175 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के कई बच्चों को हिदी-अंग्रेजी भाषा समझने, बोलने और लिखने में परेशानी होती है। खासतौर पर सरकारी और निजी कंपनियों में साक्षात्कार व प्रतियोगी परीक्षा में भाषा ज्ञान तथा व्याकरण आदि की कमियों से बच्चे पिछड़ जाते हैं। कई भाषाओं की प्राचीन बोलियां भी लुप्त हो रही हैं। लैंग्वेज लैब में छात्र-छात्राओं को भाषा में दक्ष बनाने के साथ लुप्त हो रही बोलियों को भी पुनर्जीवित किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों का होगा आयोजन :
छात्र- छात्राओं में भाषाई दक्षता के लिए साहित्यिक संवाद, अंतर भाषा संगोष्ठी व अंतर भाषा संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। लैंग्वेज लैब के माध्यम से अंग्रेजी भाषा विकास से जुड़े कार्यक्रम, स्थानीय, प्रादेशिक व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता, विद्याíथयों के लिए लेखन व संवाद प्रतियोगिता आदि का आयोजन होगा। इस दौरान विचारों की अभिव्यक्ति के साथ बच्चों के चेहरे का भाव दुरुस्त रहे इस पर काम होगा।
इन जिलें में खुलेगा लैंग्वेज लैब :
युवाओं को उच्च गुणवत्तापरक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए राजकीय पालीटेक्निक इटावा, संजय गांधी पॉलीटेक्निक अमेठी, सावित्रीबाई फुले राजकीय पालीटेक्निक आजमगढ़ के अलावा कानपुर देहात, कौशांबी, श्रावस्ती, शामली, कुशीनगर, संतकबीरनगर व कासगंज जिले के पॉलीटेक्निक कालेजों में लैंग्वेज लैब की स्थापना की जाएगी। एक कालेज में लैब तैयार करने पर 17.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडेय ने बताया कि लैंग्वेज लैब की स्थापना के लिए शासन की ओर से बजट की स्वीकृति दी गई है। तथागत गौतम बुद्ध राजकीय पॉलीटेक्निक कालेज सिरसिया में लैंग्वेज लैब की स्थापना होने के बाद निश्चित रूप से क्षेत्र के बच्चों को इसका लाभ मिलेगा।