युवाओं में राष्ट्रवाद की लौ जलाना जरूरी
प्रतिभा संरक्षण इकाई सेवा न्यास की जिला कार्यकारिणी का हुआ गठन
संसू, श्रावस्ती : गिलौला ब्लॉक के शाहपुर कठौतिया स्थित धर्मराज कुमारी ज्योति त्रिपाठी इंटर कॉलेज में बुधवार को प्रतिभा संरक्षण इकाई सेवा न्यास की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र उपाध्याय ने की। इस दौरान श्रावस्ती जिला इकाई का गठन किया गया।
जयपाल वर्मा को प्रतिभा संरक्षण इकाई सेवा न्यास के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। सर्वजीत यादव को जिला उपाध्यक्ष, श्रवण कुमार तिवारी को महासचिव, आदर्श त्रिपाठी को सचिव, अतीश कैराती को महामंत्री, अजय वर्मा व धर्मपाल को मंत्री मनोनीत किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगठन देश की प्रतिभाओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी युवा पीढ़ी बहुत प्रतिभावान है, लेकिन गलत संगत की वजह से नशा एवं आवेश में आकर युवा आत्महत्या जैसे अवांक्षित निर्णय ले रहे हैं। उनको इन विकृतियों से बचाने के लिए सामाजिक संगठनों को आगे आना होगा। शिक्षा के साथ युवाओं में राष्ट्रवाद का अलख भी जगाना बहुत जरूरी है। प्रदेश प्रचार प्रमुख अमरनाथ मिश्रा, जिलाध्यक्ष बहराइच डॉ. अनंतराम निषाद, आदर्श शुक्ला मौजूद रहे।