चार साल में जिले का हुआ चहुंमुखी विकास : दद्दन मिश्र
श्रावस्ती : बीते चार साल में जिले का चहुंमुखी विकास हुआ है। कुछ काम बाकी हैं, जिन्हें पूरा
श्रावस्ती : बीते चार साल में जिले का चहुंमुखी विकास हुआ है। कुछ काम बाकी हैं, जिन्हें पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह बात श्रावस्ती सांसद और भाजपा नेता दद्दन मिश्र ने बुधवार की रात भिनगा नगर स्थित अपने आवास पर मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कही।
पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद ने अपने चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का बखान किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के सबका साथ, सबका विकास की तर्ज पर सभी लोगों के विकास को दोहराया। उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकाल में बिजली व्यवस्था सुदृढ हुई है। जिला मुख्यालय पर केंद्रीय विद्यालय के भवन का निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा। लक्ष्मनपुर और भंगहा को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने और सीताद्वार को रामायण सर्किट में शामिल करने के प्रयास चल रहे हैं। जिले की जर्जर सड़कों के लिए बजट अवमुक्त हो गया है। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
'दैनिक जागरण' के एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि बसों के संचालन के लिए सूबे के परिवहन मंत्री से वार्ता हो चुकी है। आरएम से भी जल्द ही वार्ता कर कुछ नई बसों का संचालन शुरू कराया जा रहा है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि इस वर्ष के अंत तक जिले में रेल लाइन बिछाने के लिए भूमि पूजन हो जाएगा। इसके अलावा वायु सेवा भी शुरू होगी। इस दौरान नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अजय आर्य, सांसद प्रतिनिधि सुनील तिवारी, भाजपा जिला महामंत्री संजय कैराती, पंकज मिश्र, गोली मिश्र आदि मौजूद रहे।