सीएम के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
अस्पताल व गो आश्रय स्थलों की दुरुस्त की जा रही व्यवस्थापूरी रात चलता रहा काम दौड़ते रहे अधिकारियों के वाहन
श्रावस्ती : जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। अधिकारियों के वाहन लगातार दौड़ रहे हैं। जिला अस्पताल समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था तेजी से दुरुस्त की जा रही है। गो आश्रय स्थलों की स्थिति भी सुधारी जा रही है।
गिलौला ब्लाक के ग्राम पंचायत गुजरवारा के पिपरी गांव स्थित गो आश्रय स्थल में दो माह में भूख से 48 गोवंशों की मौत की खबर जागरण में प्रकाशित होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका संज्ञान लिया है। सीएम के सख्त रुख से प्रशासन में हड़कंप मचा है। उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री स्वयं गो आश्रय स्थल का निरीक्षण करने आ सकते हैं। सीएम के निरीक्षण में कोई खामी न मिले इसको लेकर प्रशासन पहले से अलर्ट हो गया है। बुधवार दोपहर से ही अधिकारी सक्रिय हो गए। डीएम टीके शिबु, सीडीओ ईशान प्रताप सिंह, एडीएम योगानंद पांडेय, एसडीएम भिनगा राजेश मिश्र समेत अधिकारियों की टीम लगाता जिले का दौरा कर रही है। सबसे अधिक फोकस पिपरी गो आश्रय स्थल व संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पर है। जिला अस्पताल में साफ-सफाई व रंग रोगन का काम चल रहा है। सड़क मरम्मत का काम रातोरात पूरा कर लिया गया। डीएम ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों की टीम ने पिपरी गो आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां गोवंश की संख्या बढ़ाई गई है। हरा चारा, भूसा, चूनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जिले के सभी गो आश्रय स्थलों की व्यवस्था भी चाक-चौबंद की जा रही है।