कोहरे से घिरी तराई, ठंड और इतराई
घने कोहरे ने वाहनों के रफ्तार पर लगाई ब्रेक दोपहर बाद खिली हल्की धूप तो मिली थोड़ी राहत
श्रावस्ती : तराई में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। घने कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। बर्फीली हवा ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शुक्रवार को दिन की शुरुआत घने कोहरे से हुई। इसके चलते सड़कों पर लाइट जलाकर वाहन रेंगते नजर आए। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव के पास डटे रहे। दोपहर में हल्की धूप खिली तो कुछ देर के लिए राहत मिली। दिन ढलते ही बर्फीली हवा चलने से गलन बढ़ गई।
गुरुवार रात करीब 10 बजे से कोहरा छाने लगा। थोड़ी ही देर में ²श्यता महज दो मीटर रह गई। दृश्यता काफी कम हो जाने के चलते कई स्थानों पर वाहन को चालकों ने सड़क किनारे रोक दिया। सुबह कोहरे का असर कुछ कम जरूर हुआ, लेकिन सड़क पर सामान्य ²श्यता नहीं बन पाई। इस दौरान सूर्यदेव कोहरे का आवरण चीर कर निकलने की कोशिश करते रहे। दोपहर में सूर्यदेव ने दर्शन तो दिए, लेकिन बर्फीली हवा के चलते लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल सकी। शीतलहरी और ठंड के चलते व्यापार जगत मंदी के दौर से गुजर रहा है। बिक्री कम होने से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बाजार देर से खुलने के साथ ही जल्दी बंद हो रहे है। कड़ाके की ठंड के बीच अलाव की व्यवस्था न होने से लोग सार्वजनिक स्थानों पर ठिठुरते नजर आए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शीतलहर के साथ ही ठंड बढ़ने व हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। ऐसे में घरों से बाहर निकलें तो पर्याप्त गर्म कपड़े अवश्य पहनें।