एससी-एसटी एक्ट के विरोध में प्रदर्शन से गूंजा जिला
श्रावस्ती : एससी-एसटी एक्ट के विरोध बंद का गुरुवार को व्यापक असर देखने को मिला। जिला मुख्यालय भिनगा
श्रावस्ती : एससी-एसटी एक्ट के विरोध बंद का गुरुवार को व्यापक असर देखने को मिला। जिला मुख्यालय भिनगा समेत प्रमुख बाजारों में अधिकांश दुकानें बंद रहीं। विरोध प्रर्दशन का स्वर जिले के चौक-चौराहों से भी गूंजा। भिनगा के ईदगाह तिराहे पर अधिवक्ताओं ने बिल की प्रतियां जलाई। इकौना, गिलौला व सिरसिया बाजार में लोगों ने सड़क जाम कर अपना विरोध प्रदर्शित किया। इस दौरान शांति व्यवस्था के लिए पुलिस मुस्तैद रही।
अधिवक्ताओं के आह्वान पर भिनगा तहसील से एससी-एसटी एक्ट के खिलाफ जुलूस निकाला गया। विरोध-प्रदर्शन करते हुए लोग ईदगाह तिराहे पर पहुंचे। विरोध प्रदर्शन में अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष दिनेश शुक्ल, अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद अवस्थी, शिवपूजन सिंह, दिनेश पांडेय, वेद प्रकाश मिश्रा, पदुम नारायण पांडेय, दिनेश पाठक, सुरेश चंद्र तिवारी, केके त्रिपाठी, पुष्कर पाठक, राहुल पाठक, राजीव टंडन, उमाकांत तिवारी, राहुल तिवारी, सतेंद्र सिंह आदि शामिल हुए। प्रभारी निरीक्षक वीके सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद दिखे। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम शिपू गिरि को सौंपा गया।
इकौना: अधिवक्ता संघ ने बौद्ध परिपथ पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। अध्यक्ष दिलीप शर्मा, महामंत्री श्रीधर दूबे, पूर्व अध्यक्ष एके सिंह ने सभा को संबोधित किया। बिल पर विरोध जताते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। प्रदर्शन में रामकुमार शुक्ल, शब्बीर आलम नईमी, आशुतोष पाठक, सुधीर शुक्ल, ओम प्रकाश द्विवेदी, दिलीप द्विवेदी, श्रवण द्विवेदी आदि मौजूद रहे। इसी प्रकार कटरा, वीरपुर समेत अन्य बाजारों में भी बिल के विरोध में प्रदर्शन हुए।
सिरसिया: बाजार में बंद का असर देखने को मिला। मुख्य चौराहे पर सवर्ण व पिछड़ा वर्ग के लोगों ने दुकानें बंद कर सड़क को जाम कर दिया। लगभग एक घंटे तक प्रदर्शन कर जोरदार नारेबाजी की गई। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। प्रदर्शन में सुरेश मिश्रा, प्रवीण कुमार, राजेश, दयानंद शर्मा, उत्तम तिवारी, सोनू सोनी, गिरधारी लाल गुप्ता, राजमन, कुन्नू सोनी, राम शकर तिवारी, जटा शकर आदि शामिल हुए। सिरसिया थानाध्यक्ष वाईके चौधरी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इसी प्रकार लक्ष्मनपुर बाजार, जोखवा, बेचईपुरवा, चिल्हरिया, गुलरा, तालबघौड़ा, सुइया आदि क्षेत्र में भी बंद का असर देखने को मिला।