धनतेरस पर बंपर बिक्री को तैयार हो रहा वाहन बाजार
संसू भिनगा(श्रावस्ती) दीपावली पर्व के पूर्व धनतेरस के दिन वाहन की खरीदारी करना शुभ माना जाता
संसू, भिनगा(श्रावस्ती): दीपावली पर्व के पूर्व धनतेरस के दिन वाहन की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। वाहन खरीदने के इच्छुक अधिकांश लोग इस दिन का इंतजार करते हैं। श्रावस्ती जिले में त्योहार को लेकर बाइक बाजार सबसे गर्म नजर आ रहा है। उत्सव पर लुभावने उपहार भी बांटे जा रहे हैं। धनतेरस के दिन बंपर बिक्री के लिए तैयारी पूरी की जा रही है।
धनतेरस पर नए वाहन खरीदने को लेकर ग्राहक उत्साहित हैं। वहीं शो रूम संचालक भी ग्राहकों के मूड को देखते हुए अभी से तैयारियों में जुट गए हैं। शो रूम को भव्य तरीके से सजाया जा रहा है। भिनगा नगर में दोपहिया वाहनों की एजेंसियों पर ग्राहकों को आर्किषत करने के लिए अलग-अलग ऑफर दिए जा रहे हैं। कहीं लकी ड्रा से सोने व चांदी के सिक्के बांटे जा रहे हैं तो कहीं वाहन के मूल दर पर भारी छूट देने की घोषणा की गई है। सरकारी कर्मचारियों के लिए वाहन खरीदने पर अलग से छूट दिया जा रहा है। वाहन विक्रेता राकेश गुप्ता कहते हैं कि त्योहार बीतने के बाद बाइक खरीदने वाले लोगों का लकी ड्रा कराया जाएगा। इसमें 58 विजेताओं को चिहित किया जाएगा। दो सोने का सिक्का, पांच 20 ग्राम चांदी के सिक्के व चांदी के 51 पांच ग्राम के सिक्के दिए जाएंगे। सरकारी कर्मचारियों को वाहन की कीमत में भी छूट दी जा रही है। अनुपम मिश्र ने बताया कि त्योहार में बाइक खरीदने पर ग्राहकों को 1500 से 2500 रुपये तक छूट दी जा रही है। इसके अलावा छह प्रतिशत ब्याज दर पर फाइनेंस की सुविधा भी उपलब्ध है। बाइक एजेंसी संचालकों को त्योहार पर बंपर बिक्री की उम्मीद है। कई ग्राहकों ने धनतेरस पर बाइक खरीदने के लिए एडवांस पैसे जमा कर रखे हैं।