धरना स्थल पर किसानों ने किया रक्तदान
श्रावस्ती किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दे रहे किसानों
श्रावस्ती : किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दे रहे किसानों ने सजग नागरिक के कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सोमवार को बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इसके लिए परिसर में ब्लड वाहन भेजा गया था।
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. बीएन वर्मा रक्तदान करवाने के लिए लगातार किसान यूनियन के संपर्क में थे। इसी बीच किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाध्यक्ष रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में धरना शुरू किया। किसानों ने धरना स्थल पर ही रक्तदान करने की इच्छा व्यक्त की। इस पर ब्लड बैंक की ओर से मंडल मुख्यालय से बुलाया गया डीसीटीवी ब्लड वाहन मौके पर भेजा गया। यहां स्वास्थ्य परीक्षण के बाद किसानों ने 20 यूनिट रक्तदान किया। इस मौके पर प्रतीक भारद्वाज, प्रियंका शुक्ला, शिवानंद आदि मौजूद रहे।