रात्रि प्रवास कर गिनाई सरकारी की उपलब्धियां
संवादसूत्र श्रावस्ती भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मिथलेश त्रिपाठी गुरुवा
संवादसूत्र, श्रावस्ती: भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मिथलेश त्रिपाठी गुरुवार की देर शाम गिलौला पहुंचे। यहां ग्राम पंचायत दंदौली के मजरा तुलसीपुरवा में उन्होंने रात्रि प्रवास किया। चौपाल में केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए नागरिकता संशोधन कानून के लिए अभार जताया।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार स्वच्छ भारत के निर्माण के लिए संकल्पित है। गांव-गांव लोगों को चिहित कर लोगों को शौचालय दिए गए हैं। फूस की झोपड़ी में जीवन यापन कर रहे गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास व मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है। सरकार खेती-किसानी से लेकर उद्यमियों तक की उन्नति के लिए प्रयासरत है। राष्ट्र की एकता व अखंडता के लिए मजबूत कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे समय में सरकार का मनोबल बढ़ा रहे, इसके लिए हमें शांतिपूर्ण ढंग से अपना समर्थन देना होगा। ग्राम प्रधान मनोज पांडेय, समाजसेवी, राजीव पांडेय उर्फ राजू आदि ने नागरिकता संशोधन कानून पर चर्चा की और विकास कार्यों का पत्रक प्रदेश उपाध्यक्ष को सौंपा। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष शुभम कश्यप, उपाध्यक्ष बासुकी नाथ, क्षेत्र पंचायत सदस्य लल्लन साहू, चंद्रभान आदि मौजूद रहे।
--------------
अधिवक्ता परिषद ने बांटे पत्रक
भिनगा: नागरिकता संसोधन कानून के समर्थन में शनिवार को भिनगा नगर में रैली का आयोजन होना है। इसे सफल बनाने के लिए शुक्रवार को अधिवक्ता परिषद के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में संगठन के वकीलों ने भिनगा नगर में जनसंपर्क कर कानून की बारीकियों का पत्रक लोगों को भेंट किया। इस दौरान रैली में शामिल होने की अपील की। अधिवक्ता अजय मिश्र, अशोक कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।