कुत्तों ने नोच कर तेंदुए के शावक को मार डाला
संसू, सिरसिया(श्रावस्ती): थाना क्षेत्र के पूर्वी सोहेलवा जंगल से सटे निबिहा गांव के पास सोमवार को तड़
संसू, सिरसिया(श्रावस्ती): थाना क्षेत्र के पूर्वी सोहेलवा जंगल से सटे निबिहा गांव के पास सोमवार को तड़के कुत्तों के झुंड ने तेंदुए के शावक पर हमला बोल दिया। भौंकने की आवाज सुन एकत्र हुए ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाया। शावक खेत में लहू-लुहान पड़ा था। पुलिस व वन टीम उसे राजकीय पशु चिकित्सालय ले गई। यहां इलाज के दौरान शावक की मौत हो गई।
निबिहा गांव के पूरब स्थित खेतों की ओर सुबह लगभग चार बजे कुत्तों के तेज भौंकने की आवाज ग्रामीणों ने सुनी। अनहोनी की आशंका में लाठी-डंडों से लैश होकर गांव के लोग खेत की ओर दौड़े। यहां गेहूं के खेत में तेंदुए के शावक को घेर कर कुत्ते नोच रहे थे। पास ही तीन तेंदुआ खड़े थे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों को देख तीनों भाग खड़े हुए। कुत्तों को भगाने के बाद गांव के लोगों ने पुलिस व वन टीम को सूचना दी। भिनगा रेंजर अशोक कुमार कश्यप वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। घायल शावक को इलाज के लिए राजकीय पशु चिकित्सालय लाया गया। पशु चिकित्सक डॉ. आलोक कुमार शर्मा की टीम ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल शावक की मौत हो गई।