यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 25, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
परसिया में फैला खसरा, 14 बीमार

श्रावस्ती : जिले में डायरिया, दिमागी बुखार व खसरे का प्रकोप जारी है। स्वास्थ्य विभाग इन बीमारियों पर अंकुश लगाने के लिए हवा में तलवार भांज रहा है। गिलौला ब्लॉक के परसिया गांव में तीन दिनों से खसरे का कहर जारी है। इसकी चपेट में आकर 14 लोग बीमार हैं। इनमें सात की हालत गंभीर है। ग्रामीणों का कहना है कि खसरा फैलने की सूचना स्वास्थ्य महकमे को दी गई है लेकिन अभी तक गांव में कोई भी स्वास्थ्य कर्मी नहीं पहुंचा है। नतीजतन पीड़ित झोलाछाप डॉक्टरों के यहां इलाज कराने को विवश हो रहे हैं।
गिलौला ब्लॉक क्षेत्र के बरावां हरगुन में अभी हाल में डायरिया और बुखार से कई लोग पीडि़त थे। इनमें से तीन की मौत भी हो चुकी है। इसके बाद भी स्वास्थ्य महकमा चेतने को तैयार नहीं है। बरावां हरगुन के बाद परसिया गांव में खसरे ने पैर पसार लिया है। खसरे की चपेट में आकर ढोढ़े (35), आजाद (7), आजम (2), रेहाना (5), बिट्टी (6), बड़कऊ (3) व कोयला (10) समेत 14 लोग पीड़ित चल रहे हैं। तीन दिनों से गांव में फैले खसरे से स्वास्थ्य विभाग अंजान बना है। गांव के आलम, इकबाल व गफ्फार का कहना है कि खसरे की सूचना संबंधित स्वास्थ्य केंद्र पर दी गई है। इसके बाद भी कोई स्वास्थ्य कर्मी गांव में नहीं पहुंचा है। संक्रामक बीमारियों के फैलने का कारण गांव में गंदगी का होना बताया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर व बजबजाती नालियां पीड़ितों की दुश्वारियां और बढ़ा रही हैं। इन सबके बावजूद स्वास्थ्य विभाग अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सका है। सीएमओ डॉ. आरपी गुप्ता का कहना है कि संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए महकमा चौकस है। परसिया गांव में खसरा फैलने की उन्हें जानकारी नहीं है। स्थिति की जानकारी लेने के बाद गांव में उपचार के लिए स्वास्थ्य टीम भेजी जाएगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
