चटख धूप तो कभी बादलों का डेरा
उमसभरी गर्मी ने शुक्रवार को दिनभर परेशान रखा। मौसम का मिजाज दिन में कई-कई बार बदला।
जागरण संवाददाता, शामली : उमसभरी गर्मी ने शुक्रवार को दिनभर परेशान रखा। मौसम का मिजाज दिनभर बदलता रहा। कभी तेज चटख धूप तो कभी आसमान बादलों से घिरता रहा, लेकिन बारिश नहीं हुई और सूरज ढलने के बाद भी उमस बरकरार रही।
शुक्रवार को सुबह से ही गर्मी का अहसास था। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तेज होती चली गई। काफी दिन बाद इतनी चटक धूप थी। पिछले कई दिनों से गर्मी तो थी, लेकिन इतनी नहीं कि पसीना-पसीना कर दे। ऐसे में शुक्रवार को गर्मी ने खूब पसीने छुड़ाए। दोपहर में मौसम ने करवट ली और बादल छाए गए। इससे उम्मीद जगी कि बारिश होगी और गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन कुछ देर बाद बादल छंट गए और धूप खिल गई। दोपहर बाद फिर आसमान बादलों से घिर गया। इसके बाद भी सूरज की आंख-मिचौनी चलती रही। बारिश की कुछ ही बूंदें पड़ी। शाम को बादल छाए थे, लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं थी। चिपचिपाहट वाली गर्मी से हर कोई परेशान था।