ओलावृष्टि व बारिश से मुरझाए किसानों के चेहरे
जागरण संवाददाता शामली गुरुवार की सुबह तेज बारिश व ओलावृष्टि से किसानों के चेहरे पर ह
जागरण संवाददाता, शामली:
गुरुवार की सुबह तेज बारिश व ओलावृष्टि से किसानों के चेहरे पर हवाइयां उड़ गई। ओलावृष्टि से गेहूं की फसलों का नुकसान हुआ। वही दुल्हेंडी के पर्व पर होली खेलने वाले लोगों के मुंह पर मायूसी नजर आई। हालांकि दोपहर में तेज धूप में लोगों ने जमकर होली खेली।
दुल्हैंडी पर्व पर सुबह के समय आसमान में काले बादल छाए रहे। कुछ देर बाद से तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली का कडकड़ाना किसानों के चेहरे पर हवाइयां उड़ा रहा था। आधा घंटे चली तेज बारिश व ओलावृष्टि से शामली के रेलपार, कबाड़ी बाजार, बड़ा बाजार, गांधी चौक, नेहरू मार्किट में पानी भर गया। ओलावृष्टि से सुबह के समय मौसम में ठंडक शुरु हो गई। गेहूं की फसल पर भी ओलावृष्टि से काफी प्रभाव पड़ा। खेडी करमू निवासी किसान हरेंद्र सिंह का कहना है कि गुरुवार की सुबह हुई ओलावृष्टि से गेहूं की फसल में नुकसान के संकेत है। इस समय बारिश व ओलावृष्टि किसानों की फसन के लिए घातक सिद्ध हो सकती है। वही सुबह के समय होली खेलने वाले लोग भी बारिश रुकने का इंतजार कर रहे थे। ओलावृष्टि से सुबह के समय मौसम में हुई ठंडक से लोग रंग, गुलाल, पानी से बचते नजर आए। दोपहर बाद मौसम के सामान्य होने पर लोगों ने जमकर दुल्हैंडी पर्व का लुत्फ उठाया।