सर्पदंश से मरे युवक के वापस लौटने का दावा
सर्पदंश से मरे युवक के 30 साल बाद लौटने का दावा उसके परिजनों ने किया है।
शामली, जेएनएन। सर्पदंश से मरे युवक के 30 साल बाद लौटने का दावा उसके परिजनों ने किया है।
कैराना क्षेत्र के गांव जहानपुरा निवासी इलियास उर्फ लियासा का पुत्र हाशिम करीब 30 वर्ष पूर्व अपने खेत पर गया था। वहां उसे सांप ने डस लिया। उस समय उसकी उम्र करीब आठ वर्ष थी। परिजनों ने उसे गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था।
कुछ दिनों बाद परिजनों को जानकारी हुई कि हाशिम की कब्र खुदी हुई है और शव भी गायब है। परिजन तभी से हाशिम को तलाश रहे थे। हाशिम की मां हमतुल व अन्य परिजनों का कहना है कि 15 दिन पूर्व हाशिम के मेरठ के सपेरों के पास होने की सूचना मिली थी। हमतुल के मुताबिक, हाशिम सपेरे के रूप में उनके गांव में भी खेल दिखाने आया था। उन्हें उसी वक्त हाशिम को पहचान लिया था। इसके बाद परिजन मेरठ पहुंच गए। हाशिम ने उन्हें पहचान लिया। परिजनों के आग्रह पर गुरुवार को दो सपेरे हाशिम को लेकर उनके घर पहुंचे। घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। देर रात तक युवक को देखने वालों का तांता लगा था।