नोएडा से आए दो युवक कोरोना पॉजिटिव, एक्टिव केस नौ
मुजफ्फरनगर के मूल निवासी नोएडा से आए दो युवकों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। शामली में दोनों अपने रिश्तेदार के यहां आए थे। इनमें से एक सैंपल देने के बाद मुजफ्फरनगर अपने घर चले गए थे। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद दोनों को कोविड अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है।
शामली, जेएनएन। मुजफ्फरनगर के मूल निवासी नोएडा से आए दो युवकों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। शामली में दोनों अपने रिश्तेदार के यहां आए थे। इनमें से एक सैंपल देने के बाद मुजफ्फरनगर अपने घर चले गए थे। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद दोनों को कोविड अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। अब जिले में एक्टिव केस नौ और कुल केस 37 हो गए हैं।
सीएचसी शामली के एक स्वास्थ्य कर्मी का घर दयानंदनगर में है, लेकिन परिवार के साथ वह सीएचसी परिसर में रहते हैं। 28 मई को स्वास्थ्य कर्मी के 28 वर्षीय दामाद एक रिश्तेदार (उम्र करीब 25 वर्ष) के साथ शामली आए थे। दोनों मूल निवासी मुजफ्फरनगर जनपद के हैं, लेकिन नोएडा में नौकरी करते हैं और नोएडा से ही यहां पर आए थे। दोनों दयानंदनगर स्थित घर में रुके और स्वास्थ्यकर्मी की सूचना पर दोनों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए। स्वास्थ्यकर्मी के दामाद दयानंदनगर स्थित घर में क्वारंटाइन रहे और रिश्तेदार मुजफ्फरनगर के एक गांव में अपने घर चले गए। रविवार शाम दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सूचना मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन को भी दी गई। साथ ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम दयानंदनगर पहुंची और संक्रमित को झिझाना स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं, मुजफ्फरनगर से दूसरे संक्रमित को भी शामली लाकर कोविड अस्पताल में भर्ती किया। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि जहां पर संक्रमित रुके थे, उस क्षेत्र को सैनिटाइज कराया जा रहा है। साथ ही सील भी किया जाएगा। कांटेक्ट ट्रेसिग शुरू कर दी गई है। इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जिले में एक्टिव केस सात से बढ़कर नौ हो गए हैं। अब तक कुल 37 कोरोना संक्रमण के मामले जिले में आए हैं और 28 ठीक हो चुके हैं। सीएचसी के चिकित्सकों-स्टाफ में हड़कंप
स्वास्थ्य कर्मी के दामाद और एक रिश्तेदार के कोरोना संक्रमित होने से सीएचसी के चिकित्सकों एवं स्टाफ में हड़कंप मच गया है। वैसे तो स्वास्थ्यकर्मी परिवार के साथ सीएचसी परिसर में रह रहे थे, लेकिन दामाद को खाना देने जाते थे। सीएमओ डॉ. संजय भटनागर ने बताया कि सभी सतर्कता बरती जाएंगी। क्लोज कांटेक्ट में आने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। दोनों युवकों के रेंडम सैंपल लिए थे और कोई लक्षण इनमें नहीं थे। वहीं, स्वास्थ्यकर्मी के अनुसार दयानंदनगर स्थित घर में सिर्फ दामाद ही रह रहे थे।