विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलटी, हरियाणा निवासी दो लोगों की मौत, दो गंभीर

By Abhishek Kaushik Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 21 Oct 2026 02:43 PM (IST)

Shamli News: कैराना में पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो-एन डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिसमें चालक सहित दो ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कैराना बाईपास फ्लाईओवर पर स्कॉर्पियो-एन डिवाइडर से टकराई।

  2. हादसे में चालक संदीप कुमार दुहन और अंकित की मौत।

  3. दो अन्य मेजर और आतिश गंभीर रूप से घायल।

संवाद सूत्र, कैराना (शामली)। कैराना में पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो-एन गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में गाड़ी चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चालक संदीप कुमार दुहन और अंकित निवासी रसालापुर थाना बापौली जनपद पानीपत हरियाणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मेजर और आतिश को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुधवार प्रातः करीब 11 बजे स्कॉर्पियो पानीपत की ओर से तेज गति से आ रही थी। कैराना में पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर पहुंचते ही गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलटे खाते हुए सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गाड़ी की गति काफी अधिक थी। हादसे के बाद स्कॉर्पियो के अंदर से शराब की बोतल भी मिली।

सूचना मिलने पर सीओ हेमंत कुमार भी मौके पर पहुंचे और हादसे के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी। वहीं, पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से स्कॉर्पियो को सीधा कराया। इसके बाद ट्रैक्टर की सहायता से गाड़ी को सड़क के एक किनारे किया गया, ताकि यातायात प्रभावित न हो।

कार-बाइक की भिड़ंत, मां-बेटा घायल

झिंझाना : हापुड़ जिले के धौलाना निवासी नरेंद्र सिंह कार से शामली से करनाल की ओर जा रहे थे। वहीं, हरियाणा के करनाल जिले के ऊंचा समाना निवासी अमित पुत्र रामपाल अपनी मां महावीरी के साथ बाइक से करनाल जा रहे थे। बताया गया कि टपराना गोल चक्कर के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई, जिसमें बाइक सवार अमित और उनकी मां महावीरी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की मदद से घायलों को शामली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।