दीपावली पर व्यापारियों ने चीन को दिया हजारों करोड़ का झटका
पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल और कंफरडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की सुभाष चौक स्थित कार्यालय में बैठक हुई। दीपावली पर देशवासियों के चीन को चालीस हजार करोड़ रुपये का झटका देने पर खुशी जताई गई। आगे भी चीनी उत्पादों का पूरी तरह बहिष्कार करने का संकल्प लिया गया।
शामली, जेएनएन। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल और कंफरडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की सुभाष चौक स्थित कार्यालय में बैठक हुई। दीपावली पर देशवासियों के चीन को चालीस हजार करोड़ रुपये का झटका देने पर खुशी जताई गई। आगे भी चीनी उत्पादों का पूरी तरह बहिष्कार करने का संकल्प लिया गया।
व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं कैट के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि कोरोना काल में भी देशभर में दीपावली पर 72 हजार करोड़ रुपये का व्यापार हुआ है। व्यापारियों ने चाइनीज उत्पाद नहीं बेचे हैं। इससे चीन को झटका और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिला है। व्यापारियों का मिशन जारी है और दिसंबर 2021 तक चीन को एक लाख करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का लक्ष्य है। आत्मनिर्भर भारत बनाने के मिशन में सभी व्यापारी जुटे हैं। साथ ही उपभोक्ताओं ने भी चीनी उत्पादों का बहिष्कार कर चीन को कड़ा संदेश भी दिया है। अब हम चीनी उत्पाद न बेचेंगे, न खरीदेंगे और न ही इस्तेमाल करेंगे। कहा कि त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही चीनी उत्पादों के खिलाफ एक अभियान शुरू कर दिया गया था। भारत के रिटेल बाजार पर कब्जा जमाने की मंशा को मुंहतोड़ जवाब दिया गया है। घनश्याम दास गर्ग ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की ओर से छोटे व्यापारियों को राहत पैकेज देने की मांग उठाई जा रही है, क्योंकि कोरोना काल में व्यापारी आर्थिक रूप से कमजोर हुए हैं। 18 नवंबर को प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन दिए गए थे। आगामी रणनीति जल्द तय की जाएगी। बैठक में सुभाष चंद्र धीमान, नरेंद्र अग्रवाल, रवि संगल, आशु पुरी, पवन गोयल, राजीव गर्ग, गौरव बंसल, अमित गर्ग, शिवांग गर्ग आदि मौजूद रहे।