घर से भाग कर अहाते में पहुंचा था प्रेमी युगल, प्रेमिका की हुई थी जहर से मौत
19 जून को सहारनपुर मार्ग पर अहाते में मृत मिली युवती शादी के इरादे से घर से भाग कर प्रेमी के साथ अहाते में पहुंची थी। दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती की मौत हो गई थी जबकि स्वजनों को सूचना देने के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
शामली, जागरण टीम। 19 जून को सहारनपुर मार्ग पर अहाते में मृत मिली युवती शादी के इरादे से घर से भाग कर प्रेमी के साथ अहाते में पहुंची थी। दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती की मौत हो गई थी जबकि स्वजनों को सूचना देने के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार कर युवक का चालान कर दिया है।
दरअसल, नगर निवासी युवती ज्योति का वर्ष 2017 से आशीष के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के स्वजन इस बारे में जानते थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन स्वजन की नाराजगी के चलते उनकी इच्छा पूरी नहीं हो सकती थी। इसलिए दोनों 18 जून को घर से निकल पड़े थे।
गत 19 जून की सुबह युवती का शव सहारनपुर मार्ग पर खाली अहाते में पड़ा मिला था। युवक को उसके स्वजनों ने जहर खाने पर अस्पताल में भर्ती कराया था। उसे आदर्श मंडी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवक, उसके भाई व पिता के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपित बनाया था। आदर्श मंडी थाने में तैनात दारोगा केपी सिंह ने बताया कि युवती के स्वजन शादी नहीं करना चाहते थे। युवक के स्वजनों ने बेटी की शादी की थी।
कर्ज के कारण वह हाल ही में बेटे की शादी करने का इरादा नहीं रखते थे, जबकि प्रेमी युगल शादी करना चाहता था। इसलिए दोनों ने घर छोड़ दिया था। वहां किसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। दोनों ने जहर खा लिया। युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में युवक का चालान कर दिया गया है। अन्य दो आरोपितों की तलाश की जा रही है।