महिला उत्पीड़न प्रकरणों में पुलिस को सख्ती बरतने के आदेश
आइएएस निशा अनंत सीओ श्वेता सिंह व सुनीता दहिया की टीम शनिवार सुबह महिला थाना पहुंची। वहां दोनों सीओ ने पुलिस के सभी रजिस्टरों की बारीकी से जांच की।
शामली, जेएनएन। आइएएस निशा अनंत, सीओ श्वेता सिंह व सुनीता दहिया की टीम शनिवार सुबह महिला थाना पहुंची। वहां दोनों सीओ ने पुलिस के सभी रजिस्टरों की बारीकी से जांच की। इस दौरान एफआइआर के बारे में जानकारी की गई तब बताया गया कि अभी तक थाने में दहेज एक्ट आदि धाराओं के आठ मुकदमे दर्ज हैं। सभी मुकदमों की प्रगति के बारे में पूछताछ की। थाने आने वाले शिकायती पत्रों में समझौता रजिस्टर के बारे में पूछा और जांच की। रजिस्टर में एक कालम बनाकर उसमें यह लिखने के लिए कहा कि किस मामले में किस दारोगा व दीवान ने किस गणमान्य व्यक्ति की मदद से समझौता कराया है। इसके बाद नगर कोतवाली शामली पहुंची इस टीम ने पोस्को एक्ट, छेड़छाड़, दुष्कर्म के मामलों के बारे में जानकारी ली।
तीनों महिला अधिकारियों ने महिला उत्पीड़न प्रकरणों में पुलिस को सख्ती व निष्पक्षता बरतने के आदेश दिए।