भाजपा का जनता के दिल के साथ गठबंधन : सुरेश राणा
प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि भाजपा का जनता के दिलों के साथ महागठबंधन है। जबकि विपक्षियों ने नरेन्द्र मोदी व योगी आदित्यनाथ के सुशासन की मजबूत नींव से भयभीत होकर दलों का गठबंधन किया है जो चुनाव में ही बिखर जायेगा।.
जागरण संवाददाता, बेहट : प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि भाजपा का जनता के दिल के साथ गठबंधन है। विपक्षियों ने मोदी व योगी के सुशासन से भयभीत होकर दलों का गठबंधन किया है, जो चुनाव में ही बिखर जाएगा।.
गन्ना मंत्री शुक्रवार को विजय लक्ष्य-2019 के तहत कस्बे में भाजयुमो के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मोदी व योगी सरकारों की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि देशवासियों को बीमारियों के उपचार के लिए आयुष्मान योजना सहित विकास की कितनी ही योजनाएं चलाई गई। प्रदेश में पहले सिचाई के लिए बिजली के इंतजार में किसान रातभर सो नहीं पाता था। आज हर किसी को पर्याप्त बिजली मिल रही है।
गन्ना मंत्री ने कहा कि बसपा व सपा सरकारों ने प्रदेश में 29 चीनी मिलें बंद कर दी थीं, जिसमें से योगी सरकार ने दो वर्ष के भीतर सात मिलें चालू करा दी हैं। युवाओं को रोजगार देने का रिकार्ड बनाया। जनता हर तरह से राहत महसूस कर रही है, इसीलिये फिर से देश की बागडोर नरेंद्र मोदी को सौंपने का मन बना चुकी है। सम्मेलन को प्रदेश उपाध्यक्ष वरुण गोयल, पूर्व विधायक महावीर राणा, जिलाध्यक्ष विजेंद्र कश्यप, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष यशवंत राणा व सहारनपुर के मेयर संजीव वालिया आदि ने भी संबोधित किया। राकेश गाबा, मुकेश राणा, विजय सैनी, विजेंद्र सैनी, मोहित जैन, चेयरमैन सुधीर राणा, सोनेंद्र राणा, राजीव कालड़ा व साहब सिंह पुंडीर आदि रहे।