सीएए को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम से रहें सचेत
श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ की ओर से शिवशक्ति वाटिका में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में गोष्ठी आयोजित की गई।
शामली, जेएनएन। श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ की ओर से शिवशक्ति वाटिका में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में गोष्ठी आयोजित की गई। वक्ताओं ने सीएए के बारे में जानकारी दी और अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
महापीठ के राष्ट्रीय मंत्री ब्रिजेश्वर नीमी ने कहा कि सीएए राष्ट्रीय सरोकार है। महापीठ इसका पुरजोर समर्थन करती है। इस कानून के बारे में जो भ्रम फैलाया जा रहा है, उससे लोगों को सचेत करने की जरूरत है। सीएए से किसी भारतीय को कोई खतरा नहीं है, चाहे वह किसी भी धर्म और जाति का हो। यह कानून नागरिकता देने के लिए हैं, लेकिन भ्रम फैलाया जा रहा है कि यह नागरिकता छीनने का कानून है। अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश में उत्पीड़ित अल्पसंख्यक हिदू, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन, पारसी को नागरिकता देने के लिए यह कानून है, क्योंकि वहां पर उन्हें प्रताड़ित किया गया। महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष विपिन कुमार सिघल ने कहा कि कुछ अनुसूचित जाति के नेता भी इस कानून का विरोध कर रहे हैं। इन्हें समझना चाहिए कि अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश में प्रताड़ित अल्पसंखकों में अनुसूचित जाति के लोगों की संख्या ही सबसे अधिक है। प्रदेश उपाध्यक्ष सतेंद्र धीरयान ने कहा कि विपक्ष वोट बैंक के लिए लोगों को कानून के बारे में गुमराह कर रहा है। लोग कानून को समझें और अन्य लोगों को भी जागरूक करें। महापीठ के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रवि प्रकाश, प्रदेश महामंत्री धर्म सिंह जाटव, विमला जाटव, सुनीता कुमार ने भी विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान जिले की कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। इसमें जिलाध्यक्ष मोनू कश्यप, उपाध्यक्ष रामवीर सिंह, महामंत्री शिवकुमार, मीडिया प्रभारी राजवीर, सचिव देवेंद्र कुमार, बादल गौतम, कोषाध्यक्ष विकास कोरी को बनाया गया।