शामली के स्कूल में शिक्षण कार्य के दौरान मोबाइल का प्रयोग कर रहे थे टीचर, वेतन वृद्धि रुकी
शामली में एक शिक्षक, पुष्पेंद्र कुमार गोस्वामी, पर शिक्षण में लापरवाही, महिला शिक्षकों से दुर्व्यवहार और विद्यालय समय में मोबाइल ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
शिक्षण कार्य में लापरवाही और मोबाइल उपयोग का आरोप।
महिला शिक्षिकाओं के साथ अमर्यादित व्यवहार पाया गया।
दो अस्थायी वेतनवृद्धि रोकी, प्रभारी पद से हटाया गया।
संवाद सहयोगी, शामली। परिषदीय विद्यालय में शिक्षण कार्य में लापरवाही, महिला शिक्षिकाओं के साथ अमर्यादित व्यवहार और विद्यालय समय में मोबाइल का प्रयोग करने के आरोप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने एक शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की है। शिक्षक की वित्तीय वर्ष 2026-27 की दो अस्थाई वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से रोकने के साथ ही उन्हें विद्यालय के प्रभारी पद से हटा दिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने 22 जुलाई को कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय सकौती का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। इंचार्ज प्रधानाध्यापक पुष्पेंद्र कुमार गोस्वामी अनुपस्थित पाए गए थे।
साथ ही उनके द्वारा न तो ऑनलाइन और न ही आफ लाइन अवकाश के लिए आवेदन किया गया था। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने तीन अगस्त को खंड शिक्षा अधिकारी ऊन को गांव सकौती कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर शिक्षक पुष्पेंद्र कुमार गोस्वामी के कार्य एवं व्यवहार की जांच के निर्देश दिए थे।
12 अगस्त को एबीएसए के द्वारा बीएसए के समक्ष प्रस्तुत की गई जांच आख्या में सामने आया कि शिक्षक द्वारा विद्यालय में नियमित रूप से शिक्षण कार्य नहीं कराया जाता था। विद्यालय समय में मोबाइल का प्रयोग करने के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र की सहायिका के कार्य में हस्तक्षेप किए जाने की बात भी सामने आई।
जांच में महिला शिक्षिकाओं के साथ कथित रूप से अभद्र एवं अशोभनीय व्यवाहार, आपत्तिजनक एवं द्विअर्थी शब्दों का प्रयोग किए जाने पाया गया है। इस संबंध में शिक्षिकाओं ने उच्चाधिकारियों से शिकायत भी की थी। महिला शिक्षिकाओं के द्वारा इस संबंध में झिंझाना थाने में तहरीर भी दी गई है।
शिक्षक पर विद्यालय में राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने और स्थानीय लोगों के माध्यम से विद्यालय स्टाफ पर दबाव बनाने के आरोप भी जांच में सामने आए।
इसके अलावा, शिक्षक ने अपनी एक दिन की अनुपस्थिति को बहाल कराने के लिए निरीक्षण अधिकारी को गलत साबित करने का प्रयास किया। आइजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत की जांच के बाद भी आरोपों की पुष्टि होने की बात आदेश में कही गई है।
मिड-डे-मील योजना के कार्य में भी अत्यंत लापरवाही पाई गई जो अपने दायित्वों के प्रति उदासीनता है। पुष्पेंद्र कुमार द्वारा मिड-डे-मील बनाने के लिए के लिए गैस सिलिंडर, दाल, सब्जी, मिर्च मसाले आदि की व्यवस्था भी समय से नहीं की जा रही है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली के तहत कार्रवाई करते हुए शिक्षक पुष्पेंद्र कुमार गोस्वामी की दो अस्थाई वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही उन्हें विद्यालय के प्रभारी पद से हटाकर विद्यालय का प्रभार नियमानुसार दूसरे शिक्षक को हस्तांतरित कराने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए है।
