शामली की शुगर मिलों को 189 खरीद केंद्र मिलने से किसानों को राहत, पेराई सत्र शुरू होने का अभी इंतजार
Shamli News: शामली जिले में शामली मिल को 28, थानाभवन मिल को 72 और ऊन मिल को 89 गन्ना खरीद ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
शामली, थानाभवन और ऊन मिलों को गन्ना खरीद केंद्र हुए आवंटित।
पेराई सत्र दीपावली बाद शुरू होने की उम्मीद, अभी रिकवरी लगभग 8 प्रतिशत।
जागरण संवाददाता, शामली। जिले में इस बार चीनी मिलों का पेराई सत्र लगभग एक सप्ताह पिछड़ गया है, लेकिन शासन की ओर से नई तैयारियों को अमलीजामा पहनाते हुए जिले की तीनों चीनी मिलों को कुल 189 गन्ना खरीद केंद्र आवंटित कर दिए गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि दीपावली के ठीक बाद मिलों में गन्ने की पेराई का काम सुचारू रूप से शुरू हो जाएगा, जिससे किसानों का इंतजार खत्म होगा।
शासन से मिले आवंटन के तहत शामली मिल को 28, थानाभवन मिल को 72 और ऊन मिल को 89 गन्ना खरीद केंद्र मिले हैं। इसके साथ ही व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कुछ केंद्रों के प्रशासनिक फेरबदल भी किए गए हैं। थानाभवन मिल के तीन खरीद केंद्र गंदेवड़ा ए और बी को सहारनपुर जिले की नोनौता व लिसाढ़ पंचम को शामली मिल और शामली मिल के खेड़ी पट्टी को मुजफ्फरनगर की तितावी मिल में स्थानांतरित किया गया है।
जिला गन्ना अधिकारी रणजीत सिंह कुशवाहा के मुताबिक, शामली मिल को आवंटित 28 खरीद केंद्रों के साथ कुल 19 हजार 386 हेक्टेयर गन्ने का क्षेत्रफल जोड़ा गया है। वहीं, थानाभवन मिल को 72 और ऊन मिल को 89 केंद्र दिए गए हैं। ऊन चीनी मिल के यूनिट हेड कुलदीप पिलानिया ने बताया कि मिल में 10 नवंबर के बाद पेराई सत्र शुरू होने की पूरी उम्मीद है।
इसी तरह, शामली चीनी मिल के यूनिट हेड संजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि मिल में नई टरबाइन का परीक्षण चल रहा है, जिसके पूरा होते ही पेराई कार्य का आगाज कर दिया जाएगा। थानाभवन मिल का पेराई सत्र भी दिवाली के बाद ही शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि इस बार गन्ने की रिकवरी लगभग आठ प्रतिशत तक आ रही है, जो क्षेत्र के किसानों और मिल प्रबंधन दोनों के लिए एक सकारात्मक संकेत है। जिला प्रशासन की इन तैयारियों से क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर है और वे अपनी फसल को समय पर बेचने को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं।
