विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलक झपकते ही रुपये साफ... चोरी के काम में इतनी माहिर हैं गिरोह की महिलाएं, बाकायदा हाईटेक है गिरोह

By Akash Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 26 Sep 2026 02:09 PM (IST)

शामली पुलिस ने पीएनबी ग्राहकों के बैग काटकर चोरी करने वाले गिरोह की दो महिलाओं को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. पीएनबी ग्राहकों के बैग काटकर चोरी करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार।

  2. गिरोह गूगल मैप और ट्रेन ऐप से रेकी कर हाईटेक चोरी करता था।

  3. आरोपी महिलाएं मध्य प्रदेश की हैं, कई राज्यों में कर चुकी हैं वारदातें।

जागरण संवाददाता, शामली। पीएनबी में रुपये निकालने आए ग्राहकों के बैग काटकर चोरी करने वाले गिरोह की दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया हैं। ये शातिर महिलाएं पलक झपकते ही रुपये साफ करने में माहिर बताई गई हैं। अभी चार महिलाएं फरार हैं। आरोपितों से 70 हजार रुपये बरामद हुए हैं। महिलाओं ने पूर्व में भी कई जिलों में घटनाओं को अंजाम दिया था। इसी साल 11 फरवरी को भाजू गांव निवासी जयपाल सिंह पीएनबी की मंडी मार्श गंज शाखा से रुपये निकालने आए थे। इस दौरान किसी ने उनका बैग काटकर रुपये चोरी कर लिए थे। इसके बाद 16 मार्च को दयानंद नगर निवासी संसार सिंह भी पीएनबी की पालिका मार्केट शाखा से एक लाख 10 हजार रुपये निकालकर पासबुक में एंट्री करा रहे थे, तभी चोरों ने उनका भी बैग काटकर 50 हजार रुपये पार कर दिए थे।

लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम जांच में जुटी हुई थी। गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया। पकड़ी गई महिलाओं ने पूछताछ में अपना नाम सोनम उर्फ सोनिका और शिवली उर्फ अनीता बताया, जो मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोडा थाना क्षेत्र के कडिया सांसी और गुलखेड़ी गांव की रहने वाली हैं। पुलिस ने आरोपित सोनम के पास से 20 हजार रुपये और शिवली के पास से 50 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित महिलाओं का पुराना आपराधिक इतिहास है। आरोपित सोनम इससे पहले एटा जिले के जलेसर, मैनपुरी के कुरावली और फिरोजाबाद के उत्तरी इलाके में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुकी है। सीओ सिटी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस प्रकरण में अभी चार महिलाएं फरार हैं। उनकी तलाश में टीम लगी हुई है। महिलाओं की गिरफ्तारी के लिए उपनिरीक्षक शैलेंद्र पूनिया को टीम के साथ भेजा गया था।

गूगल मैप से बैंकों की रेकी, ट्रेन पहुंचने से 20 मिनट पहले करती थीं चोरी
शामली : पीएनबी की शाखाओं में ग्राहकों का बैग काटकर नकदी उड़ाने वाली मध्य प्रदेश की महिलाओं के नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच में कई राज खुले हैं। पूछताछ में पकड़ी गईं महिलाओं ने बताया कि वे चोरी करने से पहले रेलवे की समय-सारिणी को अच्छी तरह से देख लेती थीं। इसी गिरोह ने मुरादाबाद में दो दिन पहले 20 लाख रुपये की चोरी की थी।

पकड़ी गई महिलाओं ने पुलिस को बताया कि वे गूगल मैप के जरिए रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित बैंकों की लोकेशन पहले से तलाश लेती थीं। इसके बाद माय ट्रेन एप के माध्यम से ट्रेनों के आवागमन का समय देखकर स्टेशन से बाहर निकलती थी। घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद वे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन में बैठकर चली जाती थीं। गिरोह की महिलाएं मध्य प्रदेश से ट्रेन से दिल्ली और फिर वहां से शामली पहुंची थीं।

उपनिरीक्षक शैलेंद्र पूनिया ने बताया कि आरोपित महिलाओं के गांव कडिया सांसी और गुलखेड़ी की अधिकतर महिलाएं चोरी की घटनाओं में संलिप्त रही हैं। मध्य प्रदेश पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, विभिन्न राज्यों की पुलिस अब तक इनके गांव की महिलाओं से करीब 11 करोड़ रुपये से अधिक की रकम बरामद कर चुकी है।

(प्रतीकात्मक फोटो)