विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शामलीवासियों के लिए अच्छी खबर: आधार कार्ड बनवाने को स्थायी दफ्तर खुला; जरूर कराएं बच्चों का बाॅयोमेट्रिक अपडेट

By Anuj Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 18 Aug 2026 07:34 PM (IST)

शामली में आधार कार्ड बनवाने के लिए स्थायी कार्यालय खुल गया है, जिससे जिले में आधार संबंधी समस्याओं का समाधान और अपडेट अब स्थानीय स्तर पर ही हो सकेगा।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. जिलेभर में बायोमेट्रिक आधार अपडेशन के लिए बनाए गए 102 केंद्र।

  2. आधार कार्ड शीघ्र अपडेट न कराने पर छात्रों को भविष्य में हो सकती है परेशानी।

जागरण संवाददाता, शामली। जिले के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है। अब आधार का स्थायी कार्यालय सुचारू तरीके से कार्य करने लगा है, जिससे आधार कार्ड से जुड़ी मुश्किलें और लंबित त्रुटियों का समाधान अब जिला स्तर पर ही संभव हो सकेगा।

डीएम ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे पांच और 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अपने बच्चों के आधार कार्ड शीघ्र अपडेट कराएं, ताकि भविष्य में बोर्ड परीक्षाओं और अन्य महत्वपूर्ण फार्म भरते समय विद्यार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिले के कैराना रोड स्थित ग्लोबल शांति केयर हास्पिटल के ठीक सामने स्थित नई बिल्डिंग में इस नए कार्यालय की स्थापना की गई है। यूआइडीएआइ लखनऊ के सहायक प्रबंधक एवं सहारनपुर मंडल के नोडल अधिकारी राजीव कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक बच्चे के लिए पांच वर्ष की आयु के बाद और किशोरों के लिए 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर आधार कार्ड को बायोमेट्रिक रूप से अपडेट कराना अनिवार्य होता है।

यदि किसी छात्र का 15 वर्ष की आयु के बाद आधार कार्ड अपडेट नहीं होता है, तो उसे आगामी बोर्ड परीक्षाओं के फार्म, प्रवेश परीक्षाओं और अन्य सरकारी दस्तावेज भरते समय गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। बताया कि नया आधार कार्ड बनवाने पर किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है। वहीं, 15 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट का शुल्क 125 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि 15 वर्ष तक के किशोरों के लिए यह सेवा पूरी तरह निश्शुल्क है।

यह भी पढ़ें- IAS Alok Yadav: कौन हैं आलोक यादव, जो बनें शामली के DM; वेस्ट यूपी में कार्य करने का है उन्हें पूर्व अनुभव

इसके अलावा, आधार कार्ड में जन्मतिथि या वर्तमान पता बदलवाने के लिए 75 रुपये का शुल्क तय किया गया है। नियमों के मुताबिक, आधार कार्ड में जन्मतिथि में संशोधन जीवन में केवल एक बार, जेंडर संशोधन एक बार और नाम में बदलाव अधिकतम दो बार ही किया जा सकता है।

इन्होंने कहा...

विद्यार्थियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी बीआरसी में आधार मशीनें स्थापित की गई हैं, जहां बच्चों के आधार अपडेट करने के लिए कोई भी शुल्क नहीं लिया जाता है। पूरे जिले में कुल 102 आधार अपडेट केंद्र सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। जिला मुजफ्फरनगर के साथ ही हमारे यहां भी आधार का नया कार्यालय शुरू हो चुका है।
-आलोक यादव, डीएम