दीपावली के मद्देनजर बाजारों में जमकर हो रही खरीदारी
दीपावली पर्व के कुछ ही दिन शेष रह गए है जिससे बाजारों में रौनक बढ़ गई है। शहर की मुख्य सड़कों पर साज-सज्जा व त्योहारों की सामग्री की दुकानें खूब सज गई हैं।
शामली, जेएनएन। दीपावली पर्व के कुछ ही दिन शेष रह गए है, जिससे बाजारों में रौनक बढ़ गई है। शहर की मुख्य सड़कों पर साज-सज्जा व त्योहारों की सामग्री की दुकानें खूब सज गई हैं। शहर के तमाम शोरूम और प्रतिष्ठान भी सजे हुए हैं। धनतेरस पर बर्तन व सर्राफा बाजार चमकने को तैयार है।
दीपावली पर्व का उल्लास बाजार में छाया हुआ है। शहर के बड़ा बाजार, नेहरू मार्केट, फव्वारा चौक, धीमानपुरा, बुढ़ाना रोड, अजंता चौक समेत विभिन्न बाजारों में दुकानें सज गईं है। बाजारों में मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश की मिट्टी की मूर्ति तथा वॉल पेंटिग की बड़ी तादाद में बिक्री हो रही है। घर की साज-सज्जा के लिए फूलों की झालरें व अन्य सामग्री खरीदी जा रही हैं। बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। स्थायी दुकानों पर ही नहीं, अस्थायी दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ जबरदस्त है। बच्चों में पर्व की खुमारी कुछ अलग ही है। वो अभी से कपड़े और मिठाइयां खरीदने की जिद करते नजर आ रहे हैं। वहीं महिलाएं घर का सजावटी सामान और गहनों की खरीदारी में जुटी हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि इस बार दीपावली पर्व पर बाजार पहले साल की अपेक्षा ठीक रहेगा। कोई भी त्योहार सोने-चांदी की खरीदारी के बिना अधूरा है। बात दीपावली की करें तो धनतेरस पर यह बाजार चरम पर होता है। मां लक्ष्मी के पूजन के लिए लोग चांदी की मूर्तियों के अलावा चांदी के नोट, सिक्के, मंदिर, बर्तन और इस बार चांदी के पटाखे खरीदते हैं। मान्यता होती है कि मां लक्ष्मी की कृपा साल भर बनी रहेगी। इसकी तैयारियों सर्राफ व्यापारियों ने कर ली। दूसरी ओर, मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए दीपावली पर्व इलेक्ट्रॉनिक सामानों की खरीदारी के लिए भी विशेष होती है। बाजार में फ्रिज, एलईडी, एसी, माइक्रोवेव समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान आकर्षक डिजाइनों में नए लुक के साथ मौजूद हैं। वहीं दुकानदारों ने भी ग्राहकों को लुभाने के लिए एक से बढ़कर एक स्कीम और डिस्काउंट भी निकाले हुए हैं। कुल मिलाकर बाजारों में अलग ही चहल-पहल दिखाई दे रही ।