बकाया गन्ना भुगतान को लेकर कलक्ट्रेट में रालोद ने किया प्रदर्शन, जमकर की नारेबाजी Shamli News
किसानों के गन्ना बकाया को लेकर किसान परेशान हैं। इस दौरान रालोद ने कलेक्ट्रेट में जमकर नारेबाजी व हंगामा किया। साथ ही कहा कि प्रशासन जल्द से जल्द गन्ना भुगतान कराए।
शामली, जेएनएन। बकाया गन्ना भुगतान, बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसल में नुकसान का मुआवजे को लेकर कलक्ट्रेट में रालोद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। किसानों ने नारेबाजी करते हुए समस्याओं का त्वरित समाधान की मांग उठाई।
बुधवार को शामली कलक्ट्रेट में रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्त कलक्ट्रेट पहुँचे। यहां जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया। इस दौरान रालोद के राष्ट्रीय महासचिव अशरफ अली खान ने कहा अनेको बार अफसरों को ज्ञापन देने के बावजूद चीनी मील किसानों का भुगतान नही कर रही है। इसके चलते किसानों में आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने ओलावृष्टि व बारिश में किसानों के हुए नुकसान की भरपाई को लेकर मुआवजे की व्यवस्था जल्द से जल्द कराई जानी चाहिए।
जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने कहा कि गोवंश फसलों का नुकसान कर रहे है लेकिन सरकार अभी तक ठीक व्यवस्था नही कर पाई है। इस दौरान विभिन्न समस्याओं को लेकर डीएम जसजीत कोर को ज्ञापन भी सौपा गया। इस मौके पर राशिराज राझड, योगेश भाभीसा, सर्वेश, राव उस्मान समेत विभिन्न कार्यकर्ता मौजूद रहे।