वेतन विसंगति दूर न होने पर वाद दायर करेगा विद्युत संघ
विद्युत कार्यालय सहायक संघ पदोन्नति व अवकाश निरस्त करने समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर न्यायालय में वाद दायर करेगा। संघ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक में इसे लेकर सहमति बनी।
शामली, जेएनएन। विद्युत कार्यालय सहायक संघ पदोन्नति व अवकाश निरस्त करने समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर न्यायालय में वाद दायर करेगा। संघ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक में इसे लेकर सहमति बनी। पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि अपने हकों के लिए वे निरंतर संघर्षरत रहेंगे। इसके साथ ही शामली की जिला कार्यकारिणी का गठन भी किया गया।
रविवार को कैराना रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में विद्युत कार्यालय सहायक संघ उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में पश्चिमांचल कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप डोगरा ने प्रत्येक की समस्या सुनी और निदान पर जोर दिया। इस दौरान विद्युत कार्यालय संवर्ग की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। प्रबंधन द्वारा विद्युतकर्मियों की वेतन विसंगति दूर न करने नवनियुक्त कार्यालय सहायकों का आमेलन न खोले जाने, कर्मचारियों की पदोन्नति समय पर न होने की समस्याएं आई। इसके साथ ही सीपीएफ स्लिप निर्गत न किए जाने व कार्मिकों का वेतन समय पर निर्गत न होने पर संगठन के सदस्यों ने गहरा रोष व्यक्त किया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि वेतन विसंगति व प्रबंधन के नकारात्मक रवैये के विरूद्ध न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा। बैठक में संगठन की केंद्रीय कार्यकारिणी से केंद्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र लाखा, संगठन मंत्री गौरव वर्मा व कार्यालय मंत्री विवेक सक्सेना, केंद्रीय मीडिया प्रभरी रजत श्रीवास्तव प्रदेश, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिओम शर्मा, संगठन मंत्री केपी यादव आदि मौजूद रहे। -----
वेदपाल अध्यक्ष व जोगेंद्र बने महासचिव
रविवार को विद्युत कार्यालय सहायक संघ शामली की नवीन कार्यकारिणी घोषित की गई। इसमें संरक्षक पर वेदपाल सिंह को मनोनित किया गया, जबकि अध्यक्ष ललित कुमार, उपाध्यक्ष विकास चौधरी, जिला महासचिव जुगेंद्र कुमार, जिला सचिव सत्यवेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव करन कुमार, संगठन सचिव अंकित बालियान, सचिव मीनू, कोषाध्यक्ष कुमार गौरव, प्रचार सचिव विनय कुमार कुमार को बनाया गया।