लापरवाही पर ऊर्जा निगम के अधिकारियों और कर्मियों को कार्रवाई की चेतावनी
डीएम जसजीत कौर ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों की बैठक में अधिक शिकायतें मिलने पर नाराजगी जताई। कार्यप्रणाली में सुधार करते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
शामली, जेएनएन। डीएम जसजीत कौर ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों की बैठक में अधिक शिकायतें मिलने पर नाराजगी जताई। कार्यप्रणाली में सुधार करते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि दस हजार रुपये से कम के बकायेदारों के कनेक्शन न काटे जाएं। किस्तों में बिल जमा करने की सुविधा भी दी जाए।
गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री सुरेश राणा के निर्देश पर जिलाधिकारी ने कैंप कार्यालय में बैठक बुलाई थी। उन्होंने कहा कि ऊर्जा निगम की काफी शिकायतें मिल रही हैं। उपभोक्ताओं को गलत बिल जारी हो रहे हैं और उन्हें ठीक करने में भी हीलाहवाली की जा रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि निगम के अधिकारी व कर्मचारी अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव लाएं। शिकायतें नहीं मिलनी चाहिए। कनेक्शन काटने के बजाय समस्याओं के समाधान पर ध्यान दें। दस हजार रुपये से कम के बकायेदारों के कनेक्शन न काटे जाएं। साथ ही अगर किसी का इससे अधिक बकाया है तो उनसे जमा कराने के लिए अनुरोध किया जाए। किस्त में बिल जमा करने की सुविधा भी दी जाए। एसडीओ सब स्टेशन पर प्रतिदिन उपस्थित रहें और शिकायतें सुने। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाए जाए। किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता जेके पाल ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्या का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाएगा। जिलाधिकारी ने ऊर्जा निगम की योजनाओं के संबंध में भी जानकारी ली।