पॉलीथिन जब्त कर किया चालान
शामली जेएनएन प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के बावजूद भी शहर में इसका प्रयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। दुकानदारों व ठेली वाले बेखौफ पॉलीथीन में सामान दे रहे हैं।
शामली, जेएनएन : प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के बावजूद भी शहर में इसका प्रयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। दुकानदारों व ठेली वाले बेखौफ पॉलीथीन में सामान दे रहे हैं।
शुक्रवार को नगर पालिका द्वारा पॉलीथिन के खिलाफ अभियान के दौरान कई दुकानदारों व ठेली वालों से पॉलीथिन जब्त कर उनका चालान किया गया। पालिका के अभियान से दुकानदारों व ठेली वालों में हडकंप की स्थिति बनी रही। जानकारी के अनुसार प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पॉलीथिन की बिक्री, निर्माण व इसके प्रयोग पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया था। शासन के निर्देश पर डीएम अखिलेश सिंह ने भी जनपद में पॉलीथिन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। कुछ दिन तक तो नगर पालिका अधिकारियों द्वारा अभियान चलाकर दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए भारी संख्या में पॉलीथिन जब्त करते हुए दुकानदारों के चालान भी काट डाले थे। पालिका के अभियान व भारी जुर्माने से घबराए दुकानदारों ने पॉलीथिन रखना पूरी तरह बंद कर दिया था लेकिन यह अभियान कुछ समय बाद ठंडे बस्ते में डाल दिया गया जिसके चलते एक बार फिर दुकानों पर ठेलियों पर पॉलीथिन का जमकर उपयोग शुरू हो गया। शुक्रवार को नींद से जागे नगर पालिका प्रशासन ने शहर में पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चला। अभियान हनुमान टीला गेट से प्रारंभ हुआ जहां नगर पालिका अधिकारियों ने कई ठेली वालों से पॉलीथिन जब्त करते हुए उन पर जुर्माना भी लगाया, वहीं टीम ने कई दुकानदारों के यहां से भी पॉलीथिन बरामद करते हुए उनके चालान काट डाले। इस दौरान दुकानदारों व टीम के बीच नोंकझोंक भी हुई। इसके अलावा कई स्थानों पर भी टीम ने दुकानदारों व ठेली वालों से पॉलीथिन बरामद करते हुए उनका चालान किया। नगर पालिका टीम के अभियान से दुकानदारों व ठेली वालों में हडकंप मचा रहा। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अगर किसी दुकानदार या ठेली वाले से पॉलीथिन बरामद होती है तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा।