बिजलीघर पर लूट के आरोपितों का सुराग नहीं लगा पा रही पुलिस
जलालाबाद व गढ़ीपुख्ता क्षेत्र में बिजलीघरों पर धावा बोलकर लाखों का तांबा लूट लिया था। पुलिस की तीन टीमें लुटेरों को पकड़ने में लगी हैं लेकिन एक माह बीतने पर भी पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। लुटेरों का सुराग तक पुलिस नहीं लगा पा रही है। पुलिस ने क्षेत्र के कबाड़ियों पर शक जताया है।
शामली, जेएनएन। जलालाबाद व गढ़ीपुख्ता क्षेत्र में बिजलीघरों पर धावा बोलकर लाखों का तांबा लूट लिया था। पुलिस की तीन टीमें लुटेरों को पकड़ने में लगी हैं, लेकिन एक माह बीतने पर भी पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। लुटेरों का सुराग तक पुलिस नहीं लगा पा रही है। पुलिस ने क्षेत्र के कबाड़ियों पर शक जताया है।
अक्टूबर माह में जनपद में दो स्थानों पर एक ही अंदाज में दो बिजली घरों पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। पहली घटना 13 अक्टूबर को जलालाबाद के अंबेहटा याकूबपुर स्थित बिजली घर पर दो कर्मचारियों को बंधक बनाकर की गई। वहां पर कई घंटे लुटेरे रूके थे और लूट की घटना कर फरार हुए थे। पुलिस ने घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस इस घटना में शामिल लुटेरों का सुराग लगाने में जुटी ही थी कि दस दिन बाद 22 अक्टूबर ही गढ़ी पुख्ता के दुल्लाखेड़ी गांव के बिजली घर पर लूटपाट की गई। घटना को अंजाम देने का अंदाज पहले जैसा ही था। यहां से भी ट्रांसफारमर को तोड़कर लाखों का तांबा लूटा गया। यह तांबा अपने साथ लाए वाहन में लाद कर लुटेरे फरार हुए थे। इस घटना का भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय ने लूट की दोनों घटनाओं का राजफाश करने के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगाया था। काफी समय बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस अभी तक लुटेरों का सुराग तक लगाने में कामयाब नही हो पाई है। सूत्र बताते है कि लुटेरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने क्षेत्र के कबाड़ियों पर पैनी निगाह लगाई है। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश श्रीवास्तव का कहना है कि लुटेरों की तलाश में पुलिस टीम लगी है। जल्द ही लुटेरों को पकड़ा जाएगा।