हॉट स्पॉट में पुलिस-पीएसी मुस्तैद, हो रही निगरानी
हॉट स्पॉट में पुलिस और पीएसी तैनात है। सख्ती पहले की तरह ही बरती जा रही है। ऐसे में सन्नाटा है। शहर के एक हॉट स्पॉट में व्यापारी ने दुकान खोली तो पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अन्य हॉट स्पॉट में ऐसा कोई मामला नहीं है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भ्रमण करते रहे। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रशासन की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार हो रही है।
शामली, जेएनएन। हॉट स्पॉट में पुलिस और पीएसी तैनात है। सख्ती पहले की तरह ही बरती जा रही है। ऐसे में सन्नाटा है। शहर के एक हॉट स्पॉट में व्यापारी ने दुकान खोली तो पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अन्य हॉट स्पॉट में ऐसा कोई मामला नहीं है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भ्रमण करते रहे। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रशासन की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार हो रही है।
सुभाष चौक, शामली
सुभाष चौक क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव के घर के आसपास का एरिया सील है। इस दायरे में करीब 25 दुकान हैं। मंगलवार को एक व्यापारी ने दुकान खोली तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके अतिरिक्त सभी दुकानें बंद रहीं और पुलिस तैनात है।
दयानंदनगर, शामली
31 मई से सील हॉट स्पॉट दयानंदनगर में सन्नाटा है। कोतवाली प्रभारी सत्यपाल सिंह ने निरीक्षण भी किया। सील क्षेत्र गली नंबर दस से 13 तक का भ्रमण किया। पुलिस और पीएसी के जवान तैनात है। गलियों में गश्त भी की जा रही है।
विवेक विहार, शामली
हॉट स्पॉट में आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी स्वयंसेवकों के माध्यम से हो रही है। पुलिस मुस्तैद है और ऐसे में सन्नाटा पसरा है। 13 जून को कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद विवेक विहार के कुछ क्षेत्र को सील किया गया था।
मोहल्ला खैल, कांधला
कस्बे के मोहल्ला खैल में पुलिस अलर्ट है। कोई घर से बाहर न निकले, इसके लिए छोटी-छोटी गलियों में भी गश्त की जा रही है। 23 मई को दो कोरोना पॉजिटिव मिले थे और वह भी ठीक हो चुके हैं। जल्द ही यह हॉट स्पॉट ग्रीन हो सकता है।
मोहल्ला माजरा, कांधला
कस्बे के मोहल्ला माजरा को दस जून को एक कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद सील किया गया था। स्वयंसेवक घरों तक सामान पहु़ंचा रहे हैं। पुलिस तैनात है। थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह ने भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गांव किवाना, कांधला
किवाना गांव के हॉट स्पॉट में पुलिस तैनात है और सन्नाटा है। कोई घर से बाहर नहीं निकल रहा है। लोग स्वयंसेवकों से अधिक सामान भी नहीं मंगा रहे हैं। दस जून को किवाना गांव में संक्रमित के घर के आसपास का क्षेत्र सील किया गया था।
गांव लिसाढ़, शामली
11 जून को दिल्ली पुलिस के सिपाही की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद से गांव का कुछ क्षेत्र हॉट स्पॉट घोषित करते हुए सील किया गया है। पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है, लेकिन लोग भी समझदारी दिखा रहे हैं। ऐसे में पूरी तरह शांति और सन्नाटा है।
गांव बिरालियान, झिझाना
तीन जून को कोरोना पॉजिटिव मिली महिला ठीक होकर घर आ चुकी हैं। लेकिन हॉट स्पॉट में पूरी तरह सख्ती है। इसमें कोई ढील नहीं दी गई है। लोग स्वयंसेवकों से पूछ रहे हैं कि कब हॉट स्पॉट खत्म होगा। हालांकि घर से बाहर कोई नहीं निकल रहा है।
गांव मस्तगढ़, झिझाना
थाना क्षेत्र के गांव मस्तगढ़ में सील क्षेत्र में सन्नाटा है। पुलिस पूरी निगरानी कर रही है। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति निर्धारित व्यवस्था के तहत हो रही है। तीन जून को कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद मरीज के घर के आसपास का क्षेत्र सील किया गया था।
गांव हसनपुर, शामली
शामली कोतवाली क्षेत्र के गांव हसनपुर का भी एक क्षेत्र सील है। तीन जून को महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। महिला ठीक होकर घर आ चुकी हैं, लेकिन सील क्षेत्र में पुलिस की सख्ती बरकरार है।