शामली के जलालाबाद नगर में गैस लीक होने से घर में रखे सिलेंडर फटे, महिला झुलसी
जलालाबाद में पाइप लीक होने पर शनिवार सुबह गैस सिलेंडर में आग लग गई। हादसे में रसोई में खाना बनाने में जुटी महिला झुलस गई। रसोई में रखे अन्य तीन सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गए। जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। नगर पंचायत कर्मचारियों ने पानी के टैंकर ले जाकर आग पर काबू पाया।
शामली, जेएनएन। जलालाबाद में पाइप लीक होने पर शनिवार सुबह गैस सिलेंडर में आग लग गई। हादसे में रसोई में खाना बनाने में जुटी महिला झुलस गई। रसोई में रखे अन्य तीन सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गए। जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। नगर पंचायत कर्मचारियों ने पानी के टैंकर ले जाकर आग पर काबू पाया।
मोहल्ला कोटला में वसीम राव अपना मकान प्रधानमंत्री आवास योजना से बनवा रहे हैं। मकान के ऊपर अभी लिटर नहीं डाला गया। बताया गया कि वसीम मजदूरी के लिए बाहर गए हैं। शनिवार सुबह लगभग ग्यारह बजे वसीम की पत्नी मेहरनिशा गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे भी घर पर थे। इसी बीच सिलेंडर के पाइप से गैस लीक होने लगी और पाइप ने आग पकड़ ली। आग बुझाने के प्रयास में महिला भी झुलस गई। पास में रखे तीन सिलेंडरों ने भी आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग की लपटें ऊंची उठनी लगीं। पड़ोसियों ने महिला व उसके दो बच्चों को बाहर निकाला। इसी दौरान सिलेंडर धमाके के साथ फटने शुरू हो गए। सूचना पर नगर पंचायत कार्यालय से पानी से भरे दो टैंकर मौके पर पहुंचे और पंचायत कर्मचारियों व मोहल्लवासियों ने मिलकर आग पर काबू पाया। बताया गया कि आग से घर में रखी एक लाख तीस हजार नकदी, साठ हजार कीमत सोने के जेवरात, कागजात, घरेलू सामान जलकर राख हो गए। झुलसी महिला को थानाभवन सामुदायिक चिकित्सालय ले जाया गया। सूचना देने के काफी देर बाद फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। उस समय तक आग शांत हो चुकी थी