आसमान में धुंध, घुटन से परेशानी
धुंध का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को भी आसमान में धुंध की परत छाई रही।
शामली, जेएनएन। दीपावली के बाद से शुरू हुआ धुंध का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को भी आसमान में धुंध की परत छाई रही। जिससे बच्चों, बुजुर्गो व सांस के रोगियों की परेशानियों में वृद्धि हुई है।
गुरुवार को सुबह से धुंध आसमान मे छाई रही। करीब 11 बजे के बाद हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन अधिक देर नहीं रह सकी। धुंध के कारण आंखों में जलन व दम घुटता रहा। देर सायं भी कोहरे की तरह सफेद हल्की चादर वातावरण में दिखती रही। आंखों में जलन व घुटन का आलम रहा। लोगों ने बताया कि वातावरण प्रदूषित होने से सांस के मरीजों की जान पर बन आई है। लापरवाही बरतने पर अन्य लोगों को भी सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। बाल रोग विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है और फेफड़े भी कमजोर होते हैं। इस वक्त स्मॉग बहुत ज्यादा बढ़ गया है। ऐसे में छोटे बच्चों को घर के अंदर ही रखें। अनुमान लगाया जा रहा है कि हवा चलने के बाद यह स्मॉग हटेगा। फिलहाल तक तो लोगों को मुश्किलों का सामना ही करना पड़ रहा है। घर से बाहर निकलने पर बचाव के लिए काफी लोग मास्क का इस्तेमाल भी कर रहे हैं। उधर कई दुकानदार भी मास्क का प्रयोग करते नजर आए।