लोगों को खुद नहीं जिदगी की परवाह, फिर कैसे बचे जान
शासन-प्रशासन यातायात नियम पालन के लिए कड़े नियम बना रहा है। इसके लिए निरंतर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है लेकिन लोग जागरूक नहीं हो रहे हैं।
शामली, जेएनएन। शासन-प्रशासन यातायात नियम पालन के लिए कड़े नियम बना रहा है। इसके लिए निरंतर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, लेकिन लोग जागरूक नहीं हो रहे हैं। वाहन चला रहे लोगों को अपनी सुरक्षा का कोई ख्याल नहीं है। पुलिस और प्रशासन की कम सख्ती के चलते नियमों का सही प्रकार से पालन नहीं हो रहा है। जिधर देखो नगर में नाबालिग तक तेज गति से वाहन चलाते दिख जाते हैं तो कोई वाहन चलाते समय फोन पर बात करता नजर आता है। युवकों ने हेलमेट को पुलिस द्वारा किए जाने वाले चालान से बचने का 'जुगाड़' बनाया हुआ है। यह युवक हेलमेट रखते तो हैं, लेकिन हाथ में या फिर बाइक के हैंडिल अथवा उसे पीछे बांध कर लटका लेते हैं। शिक्षित होते हुए भी युवक अपनी हरकत से जिदगी को दांव पर लगा रहे हैं। उन्हें दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार चलाते सीट बेल्ट लगाना गंवारा नहीं है। अधिकांश हादसों में चालक ने नहीं लगाया हेलमेट
जनपदभर में यदि देखा जाए तो पिछले दिनों व वर्षो में जितने भी दोपहिया वाहनों में बड़े वाहनों ने टक्कर मारी है अथवा दोपहिया वाहन अन्य किसी प्रकार से हादसाग्रस्त हुए है। इन हादसों में चालक या पीछे बैठे व्यक्ति की जान गई है तो इसका मुख्य कारण हेलमेट न लगाना था। नगर में कई ऐसे बड़े हादसे हुए हैं, जिनमें वाहन चालक की जान चली गई। बाइक के सड़क पर गिरने के बाद चालक का सिर सड़क में लगा और इसके बाद उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद भी वाहन चालक जागरूक नहीं हो रहे हैं। यदि कार चालक की हादसे में मौत होती है तब भी देखने में आया कि चालक ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी। इसमें पुलिस व परिवहन विभाग की भी लापरवाही उजागर होती है। हाल ही में हुए हादसे
- आदर्श मंडी क्षेत्र में मुजफ्फरनगर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत।
- नगर कोतवाली क्षेत्र में कैराना मार्ग पर रात में स्कूटी में कार की लगी टक्कर, दो युवक गंभीर घायल।
- बनत में तहसील के सामने बाइक में अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारने पर बाइक चालक घायल।
- कैराना रोड पर कंडेला पुलिस चौकी के पास कार की टक्कर लगने से बाइक चालक घायल।
- बाबरी क्षेत्र में बाइक सवार तीन युवक हुए घायल, कार ने मारी थी टक्कर इन्होंने कहा
जीवन सुरक्षित रखने के लिए वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट लगाना बेहद जरूरी है। पुलिस जागरूकता अभियान चलाकर व वाहनों के चालान कर चालकों को यही समझाना चाहती है कि वे सुरक्षित होकर वाहन चलाएं। अब सख्ती के साथ अभियान चलाया जाएगा
-भंवर सिंह, जिला यातायात प्रभारी।