पाठक परिवार को दी श्रद्धांजलि
पाठक परिवार को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। एक स्वर में आरोपित को फांसी की सजा की मांग की गई।
शामली, जेएनएन। पाठक परिवार को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। एक स्वर में आरोपित को फांसी की सजा की मांग की गई। कहा गया कि अगर चौहरे हत्याकांड में अन्य कोई भी शामिल है तो उसे भी गिरफ्तार किया जाए। पुलिस मामले की गहराई तक पहुंचे।
गुरुवार सुबह 11 बजे पंजाबी कॉलोनी स्थित रघुनाथ मंदिर में लोग पहुंचने लगे थे। अपराह्न एक बजे श्रद्धांजलि सभा शुरू हुई। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी शिव प्रेमानंद महाराज, पंचतीर्थ आश्रम थानाभवन से स्वामी रामदेव, स्वामी रामनरेश आदि संत पहुंचे। चौहरे हत्याकांड पर दुख जताया और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। मृतक भजन गायक अजय पाठक, उनकी पत्नी स्नेहलता, बेटी वसुंधरा, बेटे भागवत की निर्मम हत्या पर दुख जताते हुए दोषी को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग उठाई। कुछ लोगों ने तो मौजूद सैंकड़ों लोगों से दोषी को फांसी के लिए भी प्रार्थना करने का आह्वान किया। स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा से कहा कि सरकार और पुलिस-प्रशासन मामले की तह तक जाए। एक बार अच्छे से देख लिया जाए कि और तो कोई इस घटना में शामिल नहीं है। काबीना मंत्री ने भरोसा दिया कि सरकार पूरी तरह से परिवार के साथ खड़ी है। अजय पाठक के भाई दिनेश पाठक ने सभी का आभार जताते हुए नम आंखों से कहा कि आताताई का अंत जरूरी है। अजय पाठक के भतीजे रवि पाठक के सिर पर पगड़ी रखकर रस्म पूरी की गई। प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक शामली तेजेंद्र निर्वाल, एमएलसी विरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रसन्न चौधरी, भाजपा नेत्री मृगांका सिंह, भाजपा के प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मनीष चौहान, पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल, पूर्व मंत्री किरणपाल कश्यप, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग आदि मौजूद रहे। श्रद्धांजलि सभा का संचालन डॉ. मनोज शर्मा ने किया।
उधर पाठक परिवार हत्याकांड पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने शोक जताया। मृतक भजन गायक के भाई विजय पाठक के नाम शोक संदेश भेजा। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह ने भी शोक संदेश भेजकर दुख व्यक्ति किया।